प्रशासनमध्यप्रदेश

जवाबदेही तय, ढीमरखेड़ा को अंतिम चेतावनी: लक्ष्य पूरे करें, नहीं तो होगी कड़ी कार्रवाई,जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की सख्त समीक्षा बैठक, ‘सार्थक ऐप’ पर समयबद्ध उपस्थिति, लखपति दीदी, क्रेडिट लिंकेज और बैंक खातों की प्रगति तेज करने के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जवाबदेही तय, ढीमरखेड़ा को अंतिम चेतावनी: लक्ष्य पूरे करें, नहीं तो होगी कड़ी कार्रवाई,जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की सख्त समीक्षा बैठक, ‘सार्थक ऐप’ पर समयबद्ध उपस्थिति, लखपति दीदी, क्रेडिट लिंकेज और बैंक खातों की प्रगति तेज करने के निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – जिले में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के कार्यों में गति लाने और वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने की। उन्होंने मिशन कर्मियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और समन्वय के साथ कार्य करें। निर्धारित लक्ष्य हर हाल में समय पर पूरे किए जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम अनुराग मोदी सहित सभी विकासखंड प्रबंधक, सहायक विकासखंड प्रबंधक एवं मिशन कर्मी उपस्थित रहे। सीईओ ने वर्ष 2026-27 की प्रगति की माइक्रो लेवल पर समीक्षा करते हुए ब्लॉकवार उपलब्धियों का मूल्यांकन किया और आगामी कार्ययोजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

‘सार्थक ऐप’ पर समय और स्थान के अनुसार दर्ज करें उपस्थिति

सीईओ ने निर्देश दिए कि सभी मिशन कर्मी शासन के निर्देशानुसार निर्धारित समय एवं स्थान पर ‘सार्थक ऐप’ के माध्यम से अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करें। उन्होंने कहा कि ऐप का उपयोग नहीं करने अथवा लापरवाही बरतने पर जिला अथवा राज्य स्तर से कभी भी कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।

सीसीएल प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

स्व-सहायता समूहों की नगद साख सीमा (कैश क्रेडिट लिमिट) से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों को शीघ्र संबंधित बैंक शाखाओं में प्रस्तुत कर उनका समयबद्ध निराकरण कराया जाए, ताकि समूहों को समय पर वित्तीय सहायता मिल सके और उनकी आजीविका गतिविधियां प्रभावित न हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वालों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।

31 जुलाई तक ‘लखपति दीदी’ की सभी प्रविष्टियां अनिवार्य

बैठक में लखपति दीदी योजना के तहत पात्र महिलाओं की जानकारी डिजिटल आजीविका रजिस्टर (डीएआर पोर्टल) में 31 जुलाई 2026 तक शत-प्रतिशत दर्ज करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने इसे मिशन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बताते हुए कहा कि समय-सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित ब्लॉक अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

ढीमरखेड़ा की धीमी प्रगति पर नाराजगी, दी अंतिम चेतावनी

समीक्षा के दौरान ढीमरखेड़ा विकासखंड की प्रगति अपेक्षा से काफी कम पाए जाने पर सीईओ ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि अगली समीक्षा तक उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ तो कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश भी दिए।

लोकोस पोर्टल पर नियमित अपडेट अनिवार्य

सीईओ ने निर्देश दिए कि LOKOS पोर्टल पर स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों (वीओ) के लेन-देन, कटऑफ तथा नियमित बैठकों की जानकारी समयबद्ध तरीके से दर्ज की जाए, जिससे मिशन की गतिविधियों की पारदर्शी और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।

उत्पादक समूहों के संचालन में नहीं चलेगी अनियमितता

बैठक में उत्पादक समूहों (प्रोड्यूसर ग्रुप) के संचालन की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने स्पष्ट किया कि सभी समूह निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित हों। किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैंक खाते खोलने में पिछड़े तीन विकासखंड

हितग्राही समूहों के बैंक खाते खोलने की धीमी प्रगति पर ढीमरखेड़ा, बड़वारा और बहोरीबंद विकासखंडों को विशेष रूप से चिन्हित करते हुए अभियान चलाकर सभी लंबित बैंक खाते शीघ्र खोलने के निर्देश दिए गए।

समन्वय और संवाद से ही मिलेगी सफलता

बैठक के अंत में सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने कहा कि यदि लक्ष्य प्राप्ति में किसी प्रकार की समस्या आती है तो अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय एवं संवाद बनाए रखें। टीमवर्क और पारदर्शी कार्यप्रणाली के माध्यम से ही मिशन के सभी लक्ष्य समय पर हासिल किए जा सकते हैं। बैठक में संजय सोंधिया, कमलाकर मिश्रा सहित राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं मिशन कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button