Blogमध्यप्रदेश

एमपी के सिंगरौली में दिनदहाड़े डकैती, 5 हथियारबंद बदमाशों ने बैंक से लूटे 36 लाख, कर्मचारियों को बनाया बंधक

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

सिंगरौली जिले में बैंक रॉबरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार दोपहर को 5 हथियार बंद बदमाशों ने घुसकर जमकर उत्पात मचाया। पूरे बैंक को बंधक बना लिया और मैनेजर को बंदूक की बट से मारकर घायल कर नकदी से भरी पेटी और कैश कलेक्शन काउंटर को लूट लिया। लुटेरे नकदी सहित सोना—चांदी सहित करीब 35 लाख की लूट करके बड़े आराम से निकल गए।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार सिंगरौली के बैढ़न क्षेत्र में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की ब्रांच में रोजमर्रा की तरह काम चल रहा था। दोपहर करीब एक बजे दो बदमाश हथियार लेकर बैंक में घुसते हैं। एक बदमाश ने सिर पर हेलमेट लगा रखा था। उन्होंने हथियार लहराते हुए लोगों को चुप रहने के लिए बोला और सीधे मैनेजर को पकड़ लिया। इसी दौरान पीछे से तीन और हथियार बंद बदमाश बैंक के अंदर आ गए। सभी ने बैंक में जमकर धमकाया, उत्पात मचाया। चंद मिनटों में वे लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर भाग गए।

पुलिस के अनुसार बदमाशों ने पूरे बैंक को बंधक बनाया था। पहले आए दो बदमाशों ने बैंक मैनेजर सहित कर्मचारियों पर बंदूक तान दी थी। बाद में आए तीन और बदमाशों ने ग्राहकों व अन्य कर्मचारियों को भी बंदूक की दम पर बंधक बना लिया। पुलिस के अनुसार मैनेजर ने जब कैश रूम की चाबी देने से इंकार किया तो एक बदमाश ने उसके सिर पर बट दे मारा। उसके साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया।

नकदी से भरी पेटी, कैश काउंटर लूट ले गए

जानकारी अनुसार बदमाश करीब 20 मिनट तक बैंक के अंदर रहे, उन्होंने बैंक से नकदी से भरी पेटी, कैश काउंटर का कलेक्टशन, सोना-चांदी लूट लिया और फरार हो गया। बैंक से करीब 30 से 35 लाख रुपए की लूट होना बताया जा रहा है। घटना के समय बैंक के गेट या अंदर कोई भी गार्ड मौजूद नहीं था। लुटेरे भागते समय बैंक के अपोजिट साइड में सड़क के दूसरी तरफ एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहे हैं।

पूरे शहर में नाकेबादी, एक्जिट प्वाइंट सील

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल सहित एसपी मनीष खत्री भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने तत्काल शहर के सभी बाहरी की ओर जाने वाले मार्गों को सील कर दिया। पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई है। सभी एग्जिट प्वाइंट को सील कर चैकिंग की जा रही है। पुलिस बैंक के आसपास दुकानों सहित सड़क के दोनों ओर के कैमरे खंगाल रही है।

Related Articles

Back to top button