Blogमध्यप्रदेश

सिहोरा में 26 करोड़ की लागत से बने खितौला रेलवे ओवर ब्रिज का लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने किया लोकार्पण

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग का ध्‍येय वाक्‍य लोक निर्माण से लोक कल्‍याण तक है और इसी ध्‍येय वाक्‍य के अंतर्गत विभाग के जो भी कार्य हो रहे हैं वे लोक कल्‍याण के लिए ही होते हैं। मंत्री श्री सिंह ने यह बात आज सिहोरा में खितौला फाटक पर 26 करोड़ की लागत से बने आरओबी के लोकार्पण अवसर पर कहा। उन्‍होंने कहा कि जबलपुर जिले में लगभग 3500 करोड़ के विकास कार्य स्‍वीकृत हुए हैं, जिनमें लगभग 400 करोड़ के कार्य सिहोरा विधानसभा क्षेत्र में स्‍वीकृत हैं।

उन्‍होंने कहा कि वे सिहोरा विधानसभा क्षेत्र की जनता के ऋणी हैं। जब जबलपुर संसदीय क्षेत्र में पार्टी के अध्‍यक्ष के रूप में तथा बाद में सांसद के रूप में सिहोरा विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहते थे तब क्षेत्र की जनता ने उनका साथ निभाने में अतुल्‍नीय योगदान दिया। हर सार्वजनिक गतिविधियों में भरपूर सहयोग दिया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जब भी सिहोरा आना होता था तब खितौला रेलवे ओव्‍हर ब्रिज की बात प्रमुखता से होती थी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में तथा केन्‍द्रीय मंत्री श्री नितिन गड़करी से इस कार्य के संबंध में चर्चा कर आरओबी के लिए 26 करोड़ की राशि स्‍वीकृत कराया। बाद में विधानसभा में पहुंच गया लेकिन संयोग से लोक निर्माण का कार्य उन्‍हें ही मिला।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आज यह पुल तैयार है, जिसका लोकार्पण किया गया और यह पुल जनता को समर्पित है। यह पुल सिहोरा का प्रतिष्ठित विषय था, इसलिए केन्‍द्र और राज्‍य सरकार ने इसका मान-सम्‍मान रखा। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने लोक पथ एप बनाया है, जिसे विभाग के सभी अधिकारियों ने आत्‍मसात किया है। उन्‍होंने आम जनता से आग्रह किया कि वे इस एप को डाउनलोड करें और सड़कों में जहां कहीं भी गड्ढ़ा दिखे फोटो खींचकर अपलोड करें, विभाग का दायित्‍व है कि उसे चार दिन में ठीक किया जायेगा। इसके साथ ही उन्‍होंने कहा कि इस एप के माध्‍यम से लोग मध्‍यप्रदेश में जहां भी जाना चाहें वहां का रास्‍ता तथा रास्‍ते में पेट्रोल पम्‍प, रेस्‍टोरेंट, पुलिस थाना व नागरिक सुविधाओं की जानकारी उपलब्‍ध करायेगी, साथ ही ब्‍लैक स्‍पॉट की जानकारी भी देगी। मध्‍यप्रदेश ऐसी एप का उपयोग करने वाला पहला राज्‍य है और अब दूसरे राज्‍य भी इसका अनुसरण कर रहे हैं।

प्रदेश में अभी तक 506 लोक कल्‍याण सरोवर बनाये जा चुके हैं-मंत्री श्री सिंह

उन्‍होंने कहा कि सड़क बनाते समय अब ठेकेदार एक निश्चित जगह से मिट्टी व मुरम निकालेंगे और उस जगह पर एक लोक कल्‍याण सरोवर बनाया जायेगा। मध्‍यप्रदेश में अभी तक 506 लोक कल्‍याण सरोवर बनाये जा चुके हैं। उन्‍होंने कहा कि जल संवर्धन प्रणाली के लिए यह एक कारगर तरीका है। साथ ही कहा कि भविष्‍य में भावी पीढी को समुचित रूप से पानी उपलब्‍ध हो सके इसके लिए जल संरचनाओं के पुनर्जीवन के साथ सड़कों व भवनों में वॉटर रीचार्ज सिस्‍टम बनाया जा रहा है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग पानी के साथ पर्यावरण पर भी ध्‍यान दे रहा है। भवनों को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में पर्यावरण प्रकृति के अनुकूल बनाये जा रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्‍ता के साथ समझौता नहीं किया जायेगा, जहां कहीं भी गड़बड़ी पाई जायेगी तो आवश्‍यक कार्यवाही की जायेगी। इसके साथ ही उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी और मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विकास कार्यों में भरपूर सहयोग मिल रहा है।

मातृ शक्ति जब साथ मिलकर चलेंगे तो विकास तेजी से होगा-मंत्री श्री सिंह

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि लोकसभा में नारी शक्ति वंदन पर चर्चा हो रही है ताकि आगामी समय में लोकसभा व विधानसभाओं में 33 प्रतिशत नारी शक्ति का प्रतिनिधित्‍व सुनिश्चित किया जायेगा। हमारे देश में अनादिकाल से नारी शक्ति का वंदन होता रहा है। समाज में उनके बराबर की भागीदारी से देश दुनिया में नंबर वन बनेगा और मातृ शक्ति जब साथ मिलकर चलेंगे तो विकास तेजी से होगा।

अथक प्रयास से खितौला आरओबी की अनुपम सौगात मिली है-विधायक श्री बरकड़े

इस अवसर पर क्षेत्री विधायक श्री संतोष बरकड़े ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के अथक प्रयास से यह आरओबी की अनुपम सौगात मिली है। संपूर्ण मध्‍यप्रदेश व महाकौशल में वे अपने लोक कल्‍याण की कार्यशैली से विख्‍यात हैं। उन्‍होंने लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह के विकास कार्यों के प्रति आभार व्‍यक्‍त करते हुए प्रशस्ति पत्र का वाचन किया जिसमें उन्‍होंने उनके संकल्‍प शक्ति को जनहित से जोड़कर कहा कि क्षेत्र के आर्थिक, व्‍यापारिक व समग्र विकास के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया है।

कार्यक्रम को बहोरीबंद विधायक श्री प्रणय प्रभात पांडे ने भी संबोधित कर बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र में किये गये कार्यों का उल्‍लेख करते हुए कहा कि विकास के नये-नये आयाम स्‍थापित हो रहे हैं, जिससे प्रदेश की तस्‍वीर बदली है। उल्‍लेखनीय है कि खितौला आरओबी एक बहुप्रतिक्षित पुल था, जिसे लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण संभाग जबलपुर द्वारा बनाया गया। अब खितौला रेल्वे फाटक पर ट्रेनों की आवाजाही से रेल्वे कासिंग का गेट बार-बार बंद होने से घण्टों जाम की स्थिति नहीं बनेगी और स्थानीय निवासियों और आने-जाने वाले वाहनों को सुविधा होने के साथ दुर्घटना की संभावना नहीं रहेगी।

इस आरओबी से क्षेत्र की व्यवसायिक एवं आर्थिक उन्नति में भी सहायक होगी। इस रेल्वे ब्रिज निर्माण से आसपास के 18-20 गावों की अनुमानित 25 हजार आमजनों को शैक्षणिक, सामाजिक विकास आदि में महत्वपूर्ण उपलब्धि मिलेगी।

आरओबी का लोकार्पण मंत्री श्री सिंह व विधायक श्री बरकड़े ने विधि विधान से पूजन कर तथा फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के अध्‍यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया, ग्रामीण भाजपा अध्‍यक्ष श्री राजकुमार पटेल, पूर्व विधायक श्री दिलीप दुबे, श्रीमती नंदिनी मरावी, नगर परिषद अध्‍यक्ष संध्‍या दिलीप दुबे, श्री सुभाष तिवारी रानू, श्री अभय सिंह ठाकुर, श्री पंकज दुबे सहित अन्‍य गणमान्‍य नागरिक व बड़ी तादात में क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी।

Related Articles

Back to top button