जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब: कलेक्टर आशीष तिवारी ने सुनीं 232 फरियादें, अधिकारियों को दो टूक— हर शिकायत का तय समय में हो संतोषजनक समाधान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब: कलेक्टर आशीष तिवारी ने सुनीं 232 फरियादें, अधिकारियों को दो टूक— हर शिकायत का तय समय में हो संतोषजनक समाधान
कलयुग की कलम कटनी – जिले की साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को आमजन की समस्याओं का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 232 आवेदकों की समस्याएं स्वयं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने एक-एक आवेदन पर गंभीरता से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व प्रकरण, भूमि विवाद, नामांतरण, सीमांकन, नक्शा सुधार, बिजली बिल संशोधन, नए ट्रांसफार्मर की स्थापना, राशन वितरण तथा अन्य विभागों से जुड़े बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम है। इसलिए प्रत्येक आवेदन को पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निपटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने, निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने तथा शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी प्रशासन उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों का मौके पर परीक्षण कर कई मामलों में तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंप दी गई। जिले की इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं और समयबद्ध समाधान की उम्मीद जताई।



