प्रशासनमध्यप्रदेश

आधार सेवाओं को लेकर कलेक्टर का बड़ा फैसला, अब नागरिकों को नहीं करना पड़ेगा भटकना,जिला चिकित्सालय, कलेक्ट्रेट, बाकल और सिलौंडी में लगेंगी आधार किट मशीनें; बंद केंद्रों को जरूरत वाले क्षेत्रों में किया जाएगा शिफ्ट

कलयुग की कलम से राकेश यादव

आधार सेवाओं को लेकर कलेक्टर का बड़ा फैसला, अब नागरिकों को नहीं करना पड़ेगा भटकना,जिला चिकित्सालय, कलेक्ट्रेट, बाकल और सिलौंडी में लगेंगी आधार किट मशीनें; बंद केंद्रों को जरूरत वाले क्षेत्रों में किया जाएगा शिफ्ट

कलयुग की कलम कटनी – जिले में आधार संबंधी सेवाओं को अधिक सुगम, व्यवस्थित और नागरिक हितैषी बनाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आधार नामांकन, अपडेट, बायोमेट्रिक सुधार और आधार केंद्रों के संचालन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान या भटकना न पड़े।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

चार प्रमुख स्थानों पर शुरू होंगी आधार सेवाएं

कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला चिकित्सालय, कलेक्ट्रेट कार्यालय, बाकल और सिलौंडी में आधार किट मशीनें स्थापित कर आधार से संबंधित सेवाएं प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। यहां प्रतिदिन करीब 25 से 30 प्रसव भी होते हैं। ऐसे में अस्पताल में आधार सुविधा शुरू होने से नवजात बच्चों और उनके परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा।

ई-गवर्नेंस के जिला प्रबंधक सौरभ नामदेव ने बैठक में बताया कि जिले में कुल 52 आधार किट मशीनें उपलब्ध हैं। इनमें कुछ मशीनें वर्तमान में अक्रियाशील हैं। इस पर कलेक्टर ने सभी बंद मशीनों को तत्काल क्रियाशील कराने और आवश्यकता वाले क्षेत्रों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।

स्लीमनाबाद और बिलहरी में भी बढ़ेंगी सुविधाएं

महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय बहोरीबंद में संचालित एक आधार केंद्र को स्लीमनाबाद तहसील में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी प्रकार तहसील रीठी में संचालित एक आधार केंद्र को बिलहरी उप तहसील में स्थानांतरित कर क्षेत्र के नागरिकों को आधार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का होगा निःशुल्क आधार पंजीयन

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अब्दुल गफ्फार को इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक की आधार टैबलेट मशीनों के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों का निःशुल्क नया आधार पंजीयन शत-प्रतिशत कराने पर जोर दिया गया।

इसके साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक, सर्व शिक्षा अभियान को जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का आधार पंजीयन तथा आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत स्तर के कैंप में भी मिलेगा लाभ

कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित आधार शिविरों में विभागीय योजनाओं के हितग्राहियों का आधार पंजीयन एवं अपडेट कराया जाए। साथ ही 18 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों का आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य रूप से कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नागरिक सुविधा और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता

कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में आधार नागरिकों के लिए विभिन्न शासकीय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसलिए आधार केंद्रों का नियमित संचालन, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सेवाओं की उपलब्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को आधार केंद्रों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा करने तथा सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, डीईओ सच्चिदानंद पांडे, डीपीसी प्रेमनारायण तिवारी, एलडीएम मेझरस किंडो, डीपीओ अब्दुल गफ्फार, यूआईडीएआई प्रतिनिधि निकेत दीवान सहित पोस्ट ऑफिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button