प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी में लापरवाही पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन: राशन दुकानों में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई, उमरियापान आईटीआई प्राचार्य को नोटिस,समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी का सख्त संदेश— पीडीएस में अनियमितता बर्दाश्त नहीं, एक सप्ताह में आईटीआई भवन शिफ्ट करने के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में लापरवाही पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन: राशन दुकानों में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई, उमरियापान आईटीआई प्राचार्य को नोटिस,समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी का सख्त संदेश— पीडीएस में अनियमितता बर्दाश्त नहीं, एक सप्ताह में आईटीआई भवन शिफ्ट करने के निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले उचित मूल्य दुकान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उमरियापान आईटीआई भवन स्थानांतरण में देरी पर सख्ती

बैठक के दौरान उमरियापान स्थित आईटीआई भवन के स्थानांतरण कार्य में लगातार हो रही देरी पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं होने पर आईटीआई प्राचार्य संत सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नोडल प्राचार्य देवेश मिश्रा को एक सप्ताह के भीतर भवन स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का होगा जमीनी समाधान

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में शिकायतें अधिक हैं, वहां स्वयं पहुंचकर समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, स्कूल शिक्षा, खनिज, सहकारिता तथा महिला एवं बाल विकास विभागों द्वारा शिकायतों के निराकरण में बरती जा रही ढिलाई पर असंतोष जताते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

टीएल और जनशिकायतों को प्राथमिकता

स्वास्थ्य, नगर निगम, शिक्षा, वन, पीडब्ल्यूडी, खनिज और सहकारिता विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

टीबी मुक्त कटनी अभियान को मिलेगी गति

बैठक में जिले में संचालित टीबी उन्मूलन अभियान की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जिले में लगभग 1510 सक्रिय टीबी मरीज चिन्हित हैं। कलेक्टर ने “निक्षय मित्र” अभियान के तहत शेष विभागों को फूड बास्केट सहायता राशि शीघ्र जमा कराने और मरीजों को पोषण सहायता समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के लंबित स्थापना संबंधी मामलों के शीघ्र निराकरण और स्वास्थ्य सेवाओं के सभी प्रमुख मानकों में सुधार लाने पर जोर दिया।

किसानों को नहीं होगी परेशानी

मूंग एवं उड़द उपार्जन, खाद की उपलब्धता, परिवहन और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया सुचारु एवं पारदर्शी तरीके से संचालित की जाए।

राजस्व मामलों में तेजी लाने के निर्देश

नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री, फार्मर आईडी बकेटिंग और तहसीलवार डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति तेज करने पर जोर दिया गया।

समग्र ई-केवाईसी और छात्रावास निरीक्षण पर भी सख्ती

कलेक्टर ने समग्र ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। वहीं जनजातीय एवं अनुसूचित जाति छात्रावासों के निरीक्षण संबंधी आदेश समय पर संबंधित अधिकारियों तक नहीं पहुंचने पर जिला संयोजक ट्राइबल के प्रति नाराजगी व्यक्त की और सभी अधिकारियों को निर्धारित समय में निरीक्षण पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में सभी एसडीएम, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह ठाकुर, सहायक आयुक्त सहकारिता राजयशवर्धन सिंह कुरील, जिला पेंशन अधिकारी नीतू गुप्ता, जिला आबकारी अधिकारी मरकाम, आईटीआई नोडल प्राचार्य देवेश मिश्रा, शासकीय तिलक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील वाजपेयी, उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, जिला पंजीयक पंकज कोरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने बैठक के अंत में स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाना प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button