किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कलेक्टर श्री तिवारी सख़्त धान उपार्जन में सख़्ती: लापरवाही पर चार केंद्र प्रभारी दो साल के लिए बाहर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कलेक्टर श्री तिवारी सख़्त धान उपार्जन में सख़्ती: लापरवाही पर चार केंद्र प्रभारी दो साल के लिए बाहर
कलयुग की कलम कटनी -खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी और अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सख़्त रुख अपनाते हुए लापरवाही बरतने वाले चार उपार्जन केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है। अनियमितताएं पाए जाने पर इन चारों प्रभारियों को आगामी दो वर्षों तक उपार्जन कार्य से पृथक कर दिया गया है।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री सज्जन सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा गठित अधिकारियों के संयुक्त जांच दल ने उपार्जन केंद्र कौड़िया, हथियागढ़, निगहरा एवं विजयराघवगढ़ का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान दस्तावेजों का नियमानुसार संधारण नहीं किया जाना, धान की बोरियों पर स्टेंसिल व टैग का अभाव तथा तौल प्रक्रिया में गंभीर खामियां सामने आईं।
इन अनियमितताओं के आधार पर संबंधित उपार्जन केंद्र प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। लेकिन संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रशासन ने कठोर निर्णय लेते हुए विजयराघवगढ़ केंद्र के प्रभारी रामनारायण गर्ग, निगहरा केंद्र के प्रभारी बसंत सिंह, कौड़िया केंद्र के प्रभारी पंकज पाण्डेय तथा हथियागढ़ केंद्र के प्रभारी गजराज पटेल को दो वर्षों के लिए उपार्जन कार्य से अलग कर दिया।
कलेक्टर श्री तिवारी ने स्पष्ट किया है कि धान उपार्जन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।



