प्रशासनमध्यप्रदेश

औद्योगिक विकास की नब्ज टटोलने मैदान में उतरे कलेक्टर श्री तिवारी,टायर पायरोलिसिस प्लांट से लेकर अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री तक किया निरीक्षण, उत्पादन प्रक्रिया और चुनौतियों की ली विस्तृत जानकारी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

औद्योगिक विकास की नब्ज टटोलने मैदान में उतरे कलेक्टर श्री तिवारी,टायर पायरोलिसिस प्लांट से लेकर अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री तक किया निरीक्षण, उत्पादन प्रक्रिया और चुनौतियों की ली विस्तृत जानकारी

कलयुग की कलम बड़वारा – जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने और उद्योगों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शुक्रवार को बड़वारा औद्योगिक क्षेत्र का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बामनहगवां गांव में संचालित टायर पायरोलिसिस प्लांट तथा झरेला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड का निरीक्षण कर उत्पादन प्रक्रियाओं और औद्योगिक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

भ्रमण के प्रथम चरण में कलेक्टर श्री तिवारी बामनहगवां स्थित टायर पायरोलिसिस प्लांट पहुंचे, जहां पुराने एवं अनुपयोगी टायरों से कार्बन फ्यूल सहित अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। उन्होंने प्लांट में स्थापित मशीनरी, उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं तथा तकनीकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही प्लांट प्रबंधन और कर्मचारियों से चर्चा कर उत्पादन क्षमता, संचालन प्रणाली एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने प्लांट में अपनाई जा रही कार्यप्रणाली को समझते हुए उद्योग के पर्यावरणीय एवं आर्थिक महत्व पर भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को उद्योगों के सुचारु संचालन और आवश्यक सुविधाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर श्री तिवारी झरेला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड पहुंचे। यहां उन्होंने सीमेंट निर्माण की संपूर्ण उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा प्लांट प्रबंधन से विस्तारपूर्वक चर्चा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन में आने वाली चुनौतियों, संसाधनों की उपलब्धता और औद्योगिक संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने उद्योग प्रबंधन से संवाद करते हुए उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा औद्योगिक विकास को और सशक्त बनाने के प्रयासों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिले के औद्योगिक विकास में बड़े उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रशासन उद्योगों के समन्वित विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान, उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के प्लांट हेड एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button