Vijaypur vidhan sabha election result: भाजपा को लगा बड़ा झटका, सुबह से आगे चल रहे भाजपा के मंत्री रामनिवास रावत आखिरी समय में चुनाव हारे, कांग्रेस जीती
मध्यप्रदेश के उपचुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। मोहन सरकार में मंत्री रामनिवास रावत श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव हार गए हैं। आखिरी मौके पर बाजी पलट गई है। कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा ने उन्हें 7 हजार 288 वोटों के अंतर से हरा दिया।
मध्यप्रदेश की दो सीटों पर चल रही मतगणना के बीच सुबह से आगे रहने वाले भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत चुनाव हार गए हैं। कांग्रेस के विधायक मुकेश मल्होत्रा चुनाव जीत गए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा को 7 हजार 288 वोट से चुनाव जीत गए।
इससे पहले 20वें राउंड में मुकेश मल्होत्रा 6523 वोटों से आगे हो गए थे। कांग्रेस के हाथों में बाजी जाती हुए नजर आ रही थी। लेकिन, यह बढ़त बढ़ती गई और मुकेश मल्होत्रा 7 हजार वोटों से आगे निकल गए। कांग्रेस के लिए यह बड़ी राहत की बात है कि उन्होंने अपनी सीट को बरकार रखा।
कांग्रेस से ही भाजपा में आए थे रामनिवास रावत
कुछ समय पहले तक कांग्रेस विधायक रहे रामनिवास रावत ने भाजपा का दामन थाम लिया था। विजयपुर विधायक रहते उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। इससे क्षेत्र में नाराजगी थी। भाजपा में आकर मोहन सरकार में उन्हें वन मंत्री बनाया गया था। ऐसा माना जा रहा था कि रामनिवास रावत चुनाव आसानी से जीत जाएंगे, लेकिन क्षेत्र में विरोधी लहर काम कर गई। क्षेत्र की जनता ने ही उन्हें आइना दिखा दिया।