खितौला श्मशान घाट में खौफनाक मंजर: जलती चिता पर लेटकर युवक ने दी जान, सुबह मिला आधा जला शव
कलयुग की कलम से राकेश यादव

खितौला श्मशान घाट में खौफनाक मंजर: जलती चिता पर लेटकर युवक ने दी जान, सुबह मिला आधा जला शव
कलयुग की कलम सिहोरा – खितौला थाना क्षेत्र के ग्राम खितौला स्थित हिरन नदी किनारे बने श्मशान घाट में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक युवक ने कथित तौर पर जलती चिता पर लेटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों के बीच भय व चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम लगभग 5:30 बजे श्मशान घाट में एक व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया गया था। परिजन चिता को जलता छोड़कर घर लौट गए थे। इसी बीच देर रात करीब 3 बजे ग्राम निवासी सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल (27 वर्ष) अचानक अपने घर से निकल गया।
सुबह करीब 6 बजे परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना खितौला थाने में दर्ज कराई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए।
इसी दौरान सुबह लगभग 7 बजे जब मृतक के परिजन श्मशान घाट पहुंचे और चिता की राख एकत्रित करने लगे, तो वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। चिता के ऊपर एक युवक का आधा जला हुआ शव पड़ा हुआ था। पहचान करने पर शव सिब्बू कोल का निकला।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रमन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल स्थिति को संभालते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ कर दी है।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच कर रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
इस विचित्र और भयावह घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। श्मशान घाट में घटी इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।



