अपूर्ण आवासों पर प्रशासन सख्त: ढीमरखेड़ा जनपद सीईओ ने गांव पहुंचकर हितग्राहियों को दी अंतिम समझाइश,सागौना और आमाझाल में किया औचक निरीक्षण, कहा- राशि का सदुपयोग कर शीघ्र पूर्ण कराएं आवास, देरी से बढ़ेगी लागत
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अपूर्ण आवासों पर प्रशासन सख्त: ढीमरखेड़ा जनपद सीईओ ने गांव पहुंचकर हितग्राहियों को दी अंतिम समझाइश,सागौना और आमाझाल में किया औचक निरीक्षण, कहा- राशि का सदुपयोग कर शीघ्र पूर्ण कराएं आवास, देरी से बढ़ेगी लागत
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लंबित आवासों को जल्द पूर्ण कराने के लिए प्रशासन ने मैदानी स्तर पर निगरानी तेज कर दी है। जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी यजुवेंद्र कोरी ने मंगलवार को ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायत सागौना और आमाझाल का औचक निरीक्षण कर आवास निर्माण की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री कोरी ने ग्राम पंचायत सचिवों से अपूर्ण आवासों की जानकारी प्राप्त की। समीक्षा में सामने आया कि सागौना में सर्वाधिक 36 आवास, आमाझाल में 22 आवास, कुदरा में 17 आवास तथा महुदा में 5 आवास अभी भी अधूरे हैं।
हितग्राहियों से सीधा संवाद, जल्द निर्माण पूरा करने की अपील
गांवों में पहुंचकर श्री कोरी ने हितग्राहियों से व्यक्तिगत एवं सामूहिक चर्चा की और उन्हें आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई राशि का समय पर उपयोग कर आवास निर्माण पूरा करें, क्योंकि निर्माण में विलंब होने से सामग्री और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे भविष्य में निर्माण और कठिन हो सकता है।
उन्होंने कहा कि अपना पक्का घर केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि परिवार के सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की आधारशिला है। इसलिए सभी हितग्राही प्राथमिकता के आधार पर अपने आवास शीघ्र पूर्ण कराएं।
दर्द भी सुना, समाधान का भरोसा भी दिया
निरीक्षण के दौरान एक हितग्राही रामदयाल ने बताया कि एक वर्ष के भीतर माता-पिता दोनों के निधन के कारण वह आवास निर्माण शुरू नहीं कर पाए। इस पर सीईओ ने संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुनी और आवश्यक सहयोग का आश्वासन देते हुए निर्माण कार्य आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने वालों की हुई सराहना
सागौना ग्राम में हितग्राही दुर्गा एवं बाजा जी द्वारा गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण कराए जाने पर जनपद सीईओ ने उनकी प्रशंसा की और अन्य हितग्राहियों को भी उनसे प्रेरणा लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय पर और गुणवत्ता के साथ बनाया गया आवास परिवार के भविष्य को सुरक्षित बनाता है।
सचिवों और रोजगार सहायकों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ ने ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन हितग्राहियों से संपर्क कर आवास निर्माण की प्रगति की निगरानी करें तथा शत-प्रतिशत आवास पूर्णता सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र हितग्राही पक्के आवास के लाभ से वंचित न रहे।
“अब देरी नहीं, हर पात्र परिवार को मिलेगा अपना पक्का घर”— इसी लक्ष्य के साथ प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर आवास निर्माण की प्रगति पर नजर रख रहा है।



