पाटन रोड पर मौत बनकर दौड़ी तेज रफ्तार बस, एम्बुलेंस से भीषण भिड़ंत में युवक की मौत,10 लोग घायल, चार की हालत गंभीर; यात्रियों ने चालक पर लगाया लापरवाही से बस चलाने का आरोप
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जबलपुर पाटन रोड पर मौत बनकर दौड़ी तेज रफ्तार बस, एम्बुलेंस से भीषण भिड़ंत में युवक की मौत,10 लोग घायल, चार की हालत गंभीर; यात्रियों ने चालक पर लगाया लापरवाही से बस चलाने का आरोप
कलयुग की कलम जबलपुर – शनिवार शाम पाटन रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार यात्री बस ने सामने से आ रही एम्बुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एम्बुलेंस में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए। इनमें चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जबलपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हुई एक यात्री बस शाम करीब 4:30 बजे पाटन मार्ग पर ग्राम खैरी के पास पहुंची थी। इसी दौरान सामने से आ रही एम्बुलेंस से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक नियंत्रण नहीं रख सका।
हादसे में एम्बुलेंस में सवार सौरभ पटेल को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एम्बुलेंस में मौजूद मरीज सहित अन्य लोग भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार गूंज उठी।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बस में सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक तेज गति से बस चला रहा था। कई यात्रियों ने उसे सावधानी बरतने की सलाह भी दी थी, लेकिन उसने रफ्तार कम नहीं की। इसी लापरवाही के कारण यह गंभीर हादसा हुआ।
दुर्घटना के बाद पाटन रोड पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को फिर से चालू कराया। मामले की जांच जारी है।



