कटनी की खनिज संपदा से बदलेगी जिले की तस्वीर, माइनिंग कॉन्क्लेव बनेगा विकास का नया अध्याय: प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह,जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, नल-जल, शिक्षा, स्वास्थ्य और जल संरक्षण पर दिए सख्त निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी की खनिज संपदा से बदलेगी जिले की तस्वीर, माइनिंग कॉन्क्लेव बनेगा विकास का नया अध्याय: प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह,जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, नल-जल, शिक्षा, स्वास्थ्य और जल संरक्षण पर दिए सख्त निर्देश
कटनी। जिले की समृद्ध खनिज संपदा अब औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की नई इबारत लिखने जा रही है। परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा कटनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री Mohan Yadav के नेतृत्व में आयोजित माइनिंग कॉन्क्लेव कटनी के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे खनिज आधारित उद्योगों को नई गति मिलेगी और जिले के आर्थिक विकास को मजबूत आधार प्राप्त होगा।
शनिवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री ने शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग, बेहतर समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन ही जिले के समग्र विकास की कुंजी है।
नल-जल योजना अधूरी तो हस्तांतरण नहीं
प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक ग्रामीण नल-जल योजनाओं का कार्य पूरी तरह पूर्ण न हो जाए और ठेकेदारों द्वारा खोदी गई सड़कों का पुनर्स्थापन न कर दिया जाए, तब तक योजनाओं का हस्तांतरण ग्राम पंचायतों को न किया जाए।
जल गंगा संवर्धन अभियान से 9 हजार से अधिक कार्य
बैठक में बताया गया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में जनभागीदारी से 9 हजार से अधिक जल संरक्षण कार्य किए जा रहे हैं। इनमें हजारों कार्य पूर्ण हो चुके हैं और शेष कार्य 30 जून तक पूरे कर लिए जाएंगे। कटनी नदी सहित अन्य जल संरचनाओं का सीमांकन भी कराया जाएगा।
सरकारी स्कूलों में बढ़ेगा नामांकन
प्रभारी मंत्री ने मानकों का पालन न करने वाले निजी स्कूलों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए तथा शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। इस वर्ष कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले ने एचपीवी टीकाकरण अभियान में 100 प्रतिशत लक्ष्य समय से पहले पूरा कर लिया है। टीबी उन्मूलन अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य शिविरों में व्यापक स्क्रीनिंग की जा रही है। जिला अस्पताल में पार्किंग, साफ-सफाई और मरीजों की सुविधा को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायकगण, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कटनी का विकास प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के संयुक्त प्रयासों से नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।



