प्रशासनमध्यप्रदेश

दीप जला, विवाद मिटे: ढीमरखेड़ा की नेशनल लोक अदालत में 42 मामलों का हुआ त्वरित समाधान,वृक्षारोपण के साथ हुआ शुभारंभ, पक्षकारों को पौधे भेंट कर दिया सौहार्दपूर्ण जीवन का संदेश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

दीप जला, विवाद मिटे: ढीमरखेड़ा की नेशनल लोक अदालत में 42 मामलों का हुआ त्वरित समाधान,वृक्षारोपण के साथ हुआ शुभारंभ, पक्षकारों को पौधे भेंट कर दिया सौहार्दपूर्ण जीवन का संदेश

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – तहसील न्यायालय ढीमरखेड़ा में शनिवार को नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वृक्षारोपण के साथ गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी श्री जितेंद्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं तहसील न्यायालय ढीमरखेड़ा की न्यायाधीश श्रीमती पूर्वी तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया।

नेशनल लोक अदालत में लंबित मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर त्वरित निराकरण किया गया। घरेलू हिंसा से संबंधित 11 प्रकरण, परिवाद के 9 प्रकरण तथा आपराधिक मामलों के 22 प्रकरणों सहित कुल 42 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। इससे पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिला और समय तथा धन दोनों की बचत हुई।

इस अवसर पर न्यायाधीश श्रीमती पूर्वी तिवारी ने उपस्थित पक्षकारों को आपसी सौहार्द, समझदारी और विवादमुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत केवल मामलों के निपटारे का मंच नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और पारिवारिक सद्भाव को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।

कार्यक्रम के अंत में पक्षकारों को पौधे भेंट किए गए और उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और शांतिपूर्ण जीवन जीने का संदेश भी दिया गया।

नेशनल लोक अदालत के इस आयोजन ने न्यायालय परिसर में सकारात्मक माहौल बनाया। उपस्थित लोगों ने त्वरित, सरल और सुलभ न्याय व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया।

Related Articles

Back to top button