जबलपुर- मध्यप्रदेश में सिवनी के बाद अब जबलपुर के कटंगी में भी गोवंश के कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया है। कटंगी के पास करीब 50 गोवंश के सिर व अन्य अंग बरामद हुए हैं। ये भी पता चला है कि गोवंश के जो अवशेष यहां पर मिले हैं वो कई दिन पुराने हैं। इन्हें कटंगी से सटे एक पहाड़ से बरामद किए गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में गोवंश के कंकाल मिलने की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरु कर दी है।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे
गायों के इतनी बड़ी संख्या में अवशेष मिलने की सूचना पर हिंदू संगठन और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद कटंगी थाना पुलिस को सूचना दी गई है। कटंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटंगी नगर से सटे हुए पहाड़ में अंग बरामद किए गए हैं। जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। हालांकि ये जानकारी निकलकर आ रही है कि इलाके में गायों की मौत के बाद लोग या तो उन्हें पहाड़ पर लाकर दफना देते थे या यूं ही खुले में छोड़कर चले जाते हैं। फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।