बाल विवाह के खिलाफ कटनी में उठी बुलंद आवाज! कलेक्टर-एसपी ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, 1713 आंगनबाड़ी केंद्रों में गूंजा रोकथाम का संकल्प,रीठी से कटनी शहर तक चला जागरूकता अभियान, कैंडल मार्च और कार्यशालाओं के जरिए विद्यार्थियों, किशोर-किशोरियों और ग्रामीणों को किया जागरूक; बाल विवाह की सूचना देने 1098 और 112 पर संपर्क की अपील
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बाल विवाह के खिलाफ कटनी में उठी बुलंद आवाज! कलेक्टर-एसपी ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, 1713 आंगनबाड़ी केंद्रों में गूंजा रोकथाम का संकल्प,रीठी से कटनी शहर तक चला जागरूकता अभियान, कैंडल मार्च और कार्यशालाओं के जरिए विद्यार्थियों, किशोर-किशोरियों और ग्रामीणों को किया जागरूक; बाल विवाह की सूचना देने 1098 और 112 पर संपर्क की अपील
कलयुग की कलम कटनी – बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। बाल विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्टर आशीष तिवारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता रथ पहुंचेगा जिले के हर विकासखंड तक
बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए रवाना किया गया जागरूकता रथ जिले के सभी विकासखंडों में भ्रमण करेगा। कटनी विकासखंड में रथ के माध्यम से रेलवे स्टेशन, शासकीय जिला चिकित्सालय, परियोजना कार्यालय कटनी शहरी एवं मुड़वारा, शासकीय कन्या महाविद्यालय सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर अभियान का प्रचार-प्रसार किया गया।
कैंडल मार्च निकालकर लिया बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प
आकांक्षी विकासखंड रीठी में अंतरराष्ट्रीय दिवस की पूर्व संध्या पर महिला एवं बाल विकास विभाग तथा संकल्प समाज सेवी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें ग्रामीणों, किशोर बालक-बालिकाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता करते हुए बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
1713 आंगनबाड़ी केंद्रों में दिलाई गई सामूहिक शपथ
जिले के सभी 1713 आंगनबाड़ी केंद्रों में सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें महिलाओं, किशोरी बालिकाओं और स्थानीय नागरिकों ने बाल विवाह रोकने तथा समाज में इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाने की शपथ ली। अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जन आंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया।
महाविद्यालय और स्कूलों में विद्यार्थियों को दी गई कानूनी जानकारी
शासकीय महाविद्यालय रीठी में संकल्प समाज सेवी संस्था एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें युवा छात्र-छात्राओं को बाल विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की जानकारी दी गई। सहायक संचालक वनश्री कुर्वेती, मनीष तिवारी एवं गोवर्धन रजक सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इसी तरह शासकीय उच्चतर माध्यमिक सांदीपनि विद्यालय कटनी में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया। वन स्टॉप सेंटर जिला कटनी की प्रशासक श्रीमती शैली तिवारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती शैलजा पाण्डेय ने बाल विवाह की रोकथाम के उपाय बताए और उपस्थित लोगों को इसके विरुद्ध जागरूक रहने की शपथ दिलाई।
बाल विवाह की सूचना मिलते ही करें संपर्क
अभियान के दौरान आमजन से अपील की गई कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल चुप्पी तोड़ें और इसकी सूचना टोल फ्री चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा आपातकालीन सहायता नंबर 112 पर दें। प्रशासन का उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता बढ़ाकर बाल विवाह की रोकथाम सुनिश्चित करना और प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन एवं बेहतर भविष्य का अवसर उपलब्ध कराना है।



