एक्सक्लूसिव खबरेंमध्यप्रदेश

कटनी में नशे के सौदागरों और अपराधी गिरोहों पर अब होगा बड़ा प्रहार! 99 आरोपियों और 10 अंतरराज्यीय गिरोहों पर कार्रवाई के बाद सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने दिए सख्त अभियान के निर्देश,नाबालिगों तक नशा पहुंचाने वाले नेटवर्क पर कसेगा शिकंजा, ऑनलाइन चाकू बिक्री और स्टंटबाजी पर भी रहेगी नजर; बरही अग्निकांड में जिम्मेदारी तय करने के निर्देश, मार्च 2027 तक पूरा होगा 2355 करोड़ का रेलवे ग्रेड सेपरेटर प्रोजेक्ट

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में नशे के सौदागरों और अपराधी गिरोहों पर अब होगा बड़ा प्रहार! 99 आरोपियों और 10 अंतरराज्यीय गिरोहों पर कार्रवाई के बाद सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने दिए सख्त अभियान के निर्देश,नाबालिगों तक नशा पहुंचाने वाले नेटवर्क पर कसेगा शिकंजा, ऑनलाइन चाकू बिक्री और स्टंटबाजी पर भी रहेगी नजर; बरही अग्निकांड में जिम्मेदारी तय करने के निर्देश, मार्च 2027 तक पूरा होगा 2355 करोड़ का रेलवे ग्रेड सेपरेटर प्रोजेक्ट

कलयुग की कलम कटनी – जिले में नशे का बढ़ता कारोबार, चोरी, चाकूबाजी और युवाओं में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों पर अंकुश लगाने के लिए अब व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। नशे के कारण बढ़ते अपराधों को गंभीरता से लेते हुए खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पुलिस और प्रशासन को नशे के नेटवर्क की पहचान कर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा आम नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से नाबालिगों को नशे की आपूर्ति करने वाले गिरोहों पर शिकंजा कसने, ऑनलाइन चाकू एवं खतरनाक सामग्री की बिक्री पर निगरानी रखने और शहर में गुंडागर्दी पर प्रभावी रोक लगाने को कहा।

गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद ने कानून व्यवस्था से लेकर विकास कार्यों, रेलवे परियोजनाओं, पुल निर्माण और अग्निशमन व्यवस्था तक की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी और चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण से ही कटनी को सुरक्षित बनाया जा सकता है।

बैठक में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, शहडोल सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

नशे के कारोबार पर प्रहार, नाबालिगों को बचाने पर जोर

कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सांसद शर्मा ने नशे के कारण बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने नाबालिगों के अपराधों में संलिप्त होने और उन्हें नशे की आपूर्ति करने वाले गिरोहों की पहचान कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऑनलाइन माध्यम से चाकू और अन्य खतरनाक सामग्री की बिक्री पर निगरानी रखने, सड़क पर स्टंटबाजी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा शहर में असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने को कहा।

उन्होंने चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उनकी गतिविधियों एवं रोजगार से संबंधित जानकारी जुटाने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

99 आरोपियों और 10 अंतरराज्यीय गिरोहों पर कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने नशे के विरुद्ध संचालित कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 99 आरोपियों और 10 अंतरराज्यीय गिरोहों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। ऑपरेशन शिकंजा के तहत 464 किलोग्राम गांजा, 15 हजार नशे की गोलियां, 150 गांजे के पौधे और स्मैक जब्त की गई है। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 63.5 लाख रुपये बताई गई।

उन्होंने बताया कि ‘नशे से दूरी है जरूरी-2.0’ अभियान के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। वहीं ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम बालिकाओं की तलाश की जा रही है तथा ‘मैं हूं अभिमन्यु’ अभियान के जरिए बालिकाओं को गुड टच-बैड टच और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

बरही अग्निकांड में तय होगी जवाबदेही

बरही में हुए अग्नि हादसे को लेकर सांसद ने निष्पक्ष जांच कराने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम एवं नगर परिषदों में उपलब्ध फायर ब्रिगेड व्यवस्था की जांच कराने तथा आउटसोर्स कर्मचारियों की कार्यकुशलता का परीक्षण करने पर भी जोर दिया।

विधायक संदीप जायसवाल ने शादी-विवाह के सीजन में शहर के प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम की समस्या उठाई। उन्होंने बारातघरों के आसपास पुख्ता यातायात व्यवस्था बनाने और पुलिस को आवश्यक कदम उठाने का सुझाव दिया।

2355 करोड़ की रेलवे परियोजना मार्च 2027 तक पूरी होने की उम्मीद

रेलवे ग्रेड सेपरेटर निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि करीब 2355 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस महत्वपूर्ण परियोजना के मार्च 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है। सांसद ने कटनी के रेलवे स्टेशनों और उनके आसपास स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

विधायक संदीप जायसवाल ने मुड़वारा रेलवे स्टेशन की ओर जिला चिकित्सालय का गेट बनाए जाने का सुझाव दिया, जिससे पार्किंग सहित अन्य यातायात संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।

कटनी नदी से आलोनी नदी तक पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा

जिले में जारी पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग सेतु के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि आदर्श कॉलोनी से मुक्तिधाम मार्ग पर कटनी नदी में जलमग्न पुल का निर्माण प्रगतिरत है। इसके अलावा जबलपुर-कटनी रेल सेक्शन में रेलवे ओवरब्रिज, बीना-कटनी रेलवे मार्ग पर आरओबी तथा इटारसी-मानिकपुर रेल सेक्शन के अंतर्गत घंघरी खुर्द से शाहनगर मार्ग पर आलोनी नदी में उच्चस्तरीय पुल का निर्माण भी जारी है।

सांसद ने बरगवां आरओबी में टूटे ध्वनि नियंत्रण अवरोधक की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने तकनीकी विसंगतियों वाले निर्माण कार्यों को व्यवस्थित करने के लिए जनप्रतिनिधियों की बैठक बुलाने और उनके सुझावों पर अमल सुनिश्चित करने को कहा।

लापरवाह विभागीय अधिकारियों पर भी सख्ती

मध्यप्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण के अधिकारी की बैठक में अनुपस्थिति पर सांसद ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सांसद एवं विधायक निधि से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उनकी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

संविधान दिवस पर दिलाई उद्देशिका की शपथ

बैठक की शुरुआत में सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इस दौरान सभी ने संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखने तथा संवैधानिक दायित्वों का पालन करने की शपथ ली।

Related Articles

Back to top button