एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

संविधान के संकल्प से गूंजे जनपद पंचायतों के सभागार! ढीमरखेड़ा से बहोरीबंद तक अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प,संविधान दिवस पर जिलेभर में हुआ उद्देशिका का सामूहिक वाचन, न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने की दोहराई प्रतिबद्धता

कलयुग की कलम से राकेश यादव

संविधान के संकल्प से गूंजे जनपद पंचायतों के सभागार! ढीमरखेड़ा से बहोरीबंद तक अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प,संविधान दिवस पर जिलेभर में हुआ उद्देशिका का सामूहिक वाचन, न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने की दोहराई प्रतिबद्धता

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कटनी जिले में संविधान के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश गूंजा। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा, बहोरीबंद, कटनी सहित जिले की अन्य जनपद पंचायतों में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर संविधान में निहित आदर्शों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।

जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कृष्णकांत पांडे तथा जनपद पंचायत बहोरीबंद में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार झा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया। सामूहिक वाचन के दौरान सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल सिद्धांतों को आत्मसात करने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करेंगे। साथ ही आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों, सम्मान और हितों को प्राथमिकता देते हुए शासन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

संविधान के आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश

उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान दिवस केवल संवैधानिक प्रावधानों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि नागरिकों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का भी महत्वपूर्ण दिन है। जिले की जनपद पंचायतों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए संवैधानिक मूल्यों को व्यवहार में अपनाने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button