प्रशासनमध्यप्रदेश

योजनाओं में लापरवाही अब नहीं होगी बर्दाश्त! 10 ग्राम पंचायतों को शोकॉज नोटिस, पीएम आवास में एक सप्ताह की मोहलत; एनआरएलएम के अधिकारी का मानदेय रोकने के निर्देश,जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने समीक्षा बैठक में दिखाई सख्ती, श्रमिक नियोजन और मानव दिवस सृजन में पिछड़ी पंचायतों पर कार्रवाई की तैयारी; निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का पालन अनिवार्य

कलयुग की कलम से राकेश यादव

योजनाओं में लापरवाही अब नहीं होगी बर्दाश्त! 10 ग्राम पंचायतों को शोकॉज नोटिस, पीएम आवास में एक सप्ताह की मोहलत; एनआरएलएम के अधिकारी का मानदेय रोकने के निर्देश,जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने समीक्षा बैठक में दिखाई सख्ती, श्रमिक नियोजन और मानव दिवस सृजन में पिछड़ी पंचायतों पर कार्रवाई की तैयारी; निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का पालन अनिवार्य

कलयुग की कलम कटनी – सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने में पीछे रहने वाले अधिकारियों एवं पंचायत अमले की अब खैर नहीं है। जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति में उदासीनता सामने आने पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती हर सिमरनप्रीत कौर ने सख्त रुख अपनाते हुए 10 ग्राम पंचायतों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना में एक सप्ताह के भीतर संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के सहायक विकासखंड प्रबंधक का निर्धारित लक्ष्य पूरा होने तक मानदेय रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।

द्वारका भवन में आयोजित जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को स्पष्ट किया कि योजनाओं की सफलता कागजी आंकड़ों से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले परिणामों से तय होगी। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना और निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करना प्रत्येक जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी की जवाबदेही है।

उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत कार्यालय निर्धारित कार्यदिवसों में तय समय पर अनिवार्य रूप से खुलें और बंद हों, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। आम नागरिकों की शिकायतों और आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

श्रमिक नियोजन में पिछड़ीं 10 पंचायतें, जवाब तलब

व्हीबी-जी राम जी योजना की समीक्षा के दौरान श्रमिक नियोजन में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मानव दिवस सृजन में कमी पाए जाने पर सीईओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने कम प्रगति वाली 10 ग्राम पंचायतों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कार्रवाई के दायरे में कटंगी कला, बरखेड़ा, हीरवारा, देवरा खुर्द, कछगवां जोबा, बिस्तरा, भनपुरा नंबर-1, जुहला, बडेरा और पूछी ग्राम पंचायत शामिल हैं। संबंधित पंचायतों से लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने का कारण पूछा जाएगा। साथ ही श्रमिक नियोजन में तत्काल सुधार लाकर निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पीएम आवास में लापरवाही पर एक सप्ताह का अल्टीमेटम

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के वर्ष 2024-25 के लक्ष्यों की समीक्षा में 11 ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में आवास अपूर्ण पाए गए। इस पर सीईओ ने असंतोष जताते हुए संबंधित सेक्टर सुपरवाइजर, पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों को हितग्राहियों से लगातार संपर्क कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगले एक सप्ताह में आवास पूर्णता की दिशा में संतोषजनक प्रगति नहीं दिखी तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। अब आवास निर्माण में देरी और लक्ष्य पूर्ति में लापरवाही को लेकर जिम्मेदार मैदानी अमले को जवाब देना होगा।

एनआरएलएम के सहायक विकासखंड प्रबंधक का मानदेय रोकने के निर्देश

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान सहायक विकासखंड प्रबंधक श्री राजेश खरे योजनाओं की प्रगति के संबंध में संतोषजनक एवं समाधानकारक जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सके। उनका प्रदर्शन भी कमजोर पाए जाने पर सीईओ ने कड़ा प्रशासनिक रुख अपनाया। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति होने तक संबंधित सहायक विकासखंड प्रबंधक का मानदेय रोकने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया कि पद के अनुरूप जिम्मेदारी निभाना और परिणाम देना अनिवार्य है।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं

बैठक में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने तकनीकी अधिकारियों और पंचायत अमले को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे कराए जाएं। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और गुणवत्ता संबंधी लापरवाही पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

इसके अलावा मध्यान्ह भोजन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण और ग्राम पंचायतों के स्वयं के आय स्रोतों में वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों की उपयंत्रीवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को नियमित मैदानी निरीक्षण, कार्यों के सत्यापन और शिकायतों के प्रभावी निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी, जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह, परियोजना अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, ऋषिराज चढ़ार, लेखाधिकारी सुरभित अग्रवाल, एनआरएलएम की जिला परियोजना प्रबंधक शबाना बेगम, सहायक परियोजना अधिकारी मृगेंद्र सिंह एवं विजय लक्ष्मी मरावी, योगेंद्र कुमार असाटी सहित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक के जरिए जिला पंचायत सीईओ ने स्पष्ट कर दिया कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही, लक्ष्य पूर्ति में ढिलाई और जिम्मेदारी से बचने की प्रवृत्ति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और समयसीमा में परिणाम देना ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यक्षमता का वास्तविक पैमाना होगा।

Related Articles

Back to top button