एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों पर अब चलेगा प्रशासन का डंडा! कलेक्टर तिवारी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश, लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी गिरेगी गाज,सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर अभियान चलाकर होगा निराकरण, पटवारियों को रोजाना 20 स्वामित्व पंजीयन का लक्ष्य; कार्यालयों में सुबह 10 बजे उपस्थिति अनिवार्य, गैरहाजिर मिले तो होगी कार्रवाई

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों पर अब चलेगा प्रशासन का डंडा! कलेक्टर तिवारी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश, लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी गिरेगी गाज,सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर अभियान चलाकर होगा निराकरण, पटवारियों को रोजाना 20 स्वामित्व पंजीयन का लक्ष्य; कार्यालयों में सुबह 10 बजे उपस्थिति अनिवार्य, गैरहाजिर मिले तो होगी कार्रवाई

कलयुग की कलम कटनी – जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ अब प्रशासन सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने खनिज एवं परिवहन विभाग को बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं सरकारी कार्यालयों में समयपालन सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुबह 10 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की हिदायत दी। औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर मंडी सचिव मनीष मंडावी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर एवं अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, स्वामित्व योजना, सीएम हेल्पलाइन, टीएल पत्रों, राजस्व प्रकरणों और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर अधिकारियों को अल्टीमेटम

कलेक्टर ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को अभियान चलाकर संतुष्टिपूर्ण ढंग से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग को विशेष गंभीरता के साथ शिकायतों का निराकरण करने को कहा। जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही टीएल पत्रों में लंबित प्रकरणों पर शीघ्र कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

पटवारियों को प्रतिदिन 20 पंजीयन का लक्ष्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना की धीमी प्रगति को देखते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रत्येक पटवारी को प्रतिदिन 20 पंजीयन का लक्ष्य निर्धारित करने तथा इस काम में युवाओं का सहयोग लेने को कहा गया। स्वामित्व योजना में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में फार्मर आईडी रजिस्ट्री, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और पीएम किसान ई-केवाईसी की प्रगति भी जांची गई।

रीठी की नहरों की सफाई और गौशालाओं में गायों की संख्या का होगा सत्यापन

कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को रीठी क्षेत्र की नहरों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। वहीं जिले की गौशालाओं में गायों की वास्तविक संख्या सुनिश्चित करने के लिए पटवारियों के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराने को संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया।

बड़वारा और विजयराघवगढ़ में बनेंगे खेल मैदान

ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कलेक्टर ने बड़वारा और विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में खेल मैदान निर्माण के लिए आवश्यक प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश पीआईयू विभाग को दिए, ताकि प्रस्तावित कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

उमरियापान स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर भी नजर

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उमरियापान बीएमओ को अनमोल पोर्टल पर एएनसी पंजीयन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गंभीर एनीमिया से प्रभावित मामलों में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया गया।

आयोगों और न्यायालयों के लंबित मामलों में मांगी रिपोर्ट

कलेक्टर ने नगर निगम, जिला पंचायत, एसडीएम एवं तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों को अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग, मानवाधिकार आयोग, बाल संरक्षण आयोग, लोकायुक्त और सीएम मॉनिट से जुड़े लंबित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरे करने के निर्देश

बैठक में उद्योग, पिछड़ा वर्ग, पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी विभाग की स्वरोजगार योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्वीकृत प्रकरणों की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में समस्त एसडीएम, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, डीआईओ प्रफुल्ल श्रीवास्तव, सीएमएचओ डॉ. राजसिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, उपसंचालक कृषि प्रतिभा गौर, महाप्रबंधक उद्योग ज्योति सिंह, सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष नायक, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, जिला श्रम अधिकारी केबी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button