प्रशासनमध्यप्रदेश

पोलियो मुक्त भविष्य की मुहिम शुरू! कलेक्टर आशीष तिवारी ने बच्चों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की, जिला अस्पताल में 50 नवजातों को भी दी खुराक,जिले में 1.73 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य, 1,670 बूथों पर होगा टीकाकरण; छूटे बच्चों तक पहुंचने के लिए 3,354 स्वास्थ्यकर्मी घर-घर देंगे दस्तक

कलयुग की कलम से राकेश यादव

पोलियो मुक्त भविष्य की मुहिम शुरू! कलेक्टर आशीष तिवारी ने बच्चों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की, जिला अस्पताल में 50 नवजातों को भी दी खुराक,जिले में 1.73 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य, 1,670 बूथों पर होगा टीकाकरण; छूटे बच्चों तक पहुंचने के लिए 3,354 स्वास्थ्यकर्मी घर-घर देंगे दस्तक

कलयुग की कलम कटनी – नौनिहालों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का रविवार को शुभारंभ हुआ। जिला चिकित्सालय कटनी के मातृ एवं शिशु परिचर्या भवन में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की चार वर्षीय पुत्री देवांशी और ढाई वर्षीय पुत्र तेजस को भी पोलियो की खुराक पिलाई। इसके बाद कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में जन्मे 50 नवजात शिशुओं को भी पोलियो की दवा पिलाई।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद दवा पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करें।

1.73 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य, 1,670 बूथ तैयार

जिले में अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए 0 से 5 वर्ष तक के कुल 1 लाख 73 हजार 153 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 1,670 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं, जहां बूथ दिवस पर बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी।

बूथ पर छूटे बच्चों के लिए घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम

अभियान के दौरान बूथ दिवस पर किसी कारणवश छूट जाने वाले बच्चों को भी सुरक्षा कवच देने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए दूसरे और तीसरे दिन 3,354 टीकाकरण कर्मचारी घर-घर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे। अभियान की निगरानी और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए 162 सुपरवाइजरों की तैनाती भी की गई है।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ अभियान का शुभारंभ

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, स्वास्थ्य विभाग के नितिन तपा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने और प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने के लिए तैयारियां की गई हैं।

Related Articles

Back to top button