एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

धान खरीदी में मनमानी और किसानों की परेशानी पर भड़का किसान संघ! कलेक्टर को सौंपा मांगों का पुलिंदा, खरीदी प्रभारियों को बदलने से लेकर 5 रुपये में बिजली कनेक्शन देने तक उठाई आवाज,तीन-चार साल से जमे खरीदी केंद्र प्रभारियों को हटाने और कंप्यूटर ऑपरेटरों को खरीदी कार्य से अलग रखने की मांग; डीएपी खाद की किल्लत दूर करने, बंद खरीदी केंद्र शुरू कराने तथा धान की गुणवत्ता जांच केंद्र पर ही करने की रखी मांग

कलयुग की कलम से राकेश यादव

धान खरीदी में मनमानी और किसानों की परेशानी पर भड़का किसान संघ! कलेक्टर को सौंपा मांगों का पुलिंदा, खरीदी प्रभारियों को बदलने से लेकर 5 रुपये में बिजली कनेक्शन देने तक उठाई आवाज,तीन-चार साल से जमे खरीदी केंद्र प्रभारियों को हटाने और कंप्यूटर ऑपरेटरों को खरीदी कार्य से अलग रखने की मांग; डीएपी खाद की किल्लत दूर करने, बंद खरीदी केंद्र शुरू कराने तथा धान की गुणवत्ता जांच केंद्र पर ही करने की रखी मांग

कलयुग की कलम उमरिया पान – धान खरीदी व्यवस्था में सुधार, खाद की उपलब्धता और किसानों को बिजली कनेक्शन देने सहित विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पटेल के नेतृत्व में कलेक्टर आशीष तिवारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया। किसान संघ ने खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और किसानों को अनावश्यक परेशानियों से बचाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे।

संघ ने मांग की है कि धान खरीदी केंद्रों पर पिछले तीन-चार वर्षों से पदस्थ प्रभारियों को बदला जाए। साथ ही सहकारी समितियों के कंप्यूटर ऑपरेटरों को खरीदी कार्य से अलग रखा जाए, ताकि समितियों के नियमित कामकाज में बाधा न आए और किसानों से जुड़े अन्य कार्य प्रभावित न हों।

खरीदी केंद्र पर ही हो धान की गुणवत्ता जांच

किसान संघ ने धान की गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया को लेकर भी महत्वपूर्ण मांग उठाई है। संघ का कहना है कि खरीदी केंद्र पर ही धान की गुणवत्ता की जांच कर उसे पास अथवा फेल करने की स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाए। यदि धान निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं है तो किसान को मौके पर ही इसकी जानकारी दी जाए, जिससे वह आवश्यक सुधार कर दोबारा धान लेकर आ सके। इससे किसानों को बार-बार परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

डीएपी खाद की किल्लत से बोवनी प्रभावित

ज्ञापन में जिले में डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। संघ के अनुसार खाद की कमी के चलते किसानों को बोवनी में परेशानी हो रही है। वहीं अन्य उर्वरकों की अधिक कीमत किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। ऐसे में प्रशासन को खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

बंद खरीदी केंद्र खोलने और 5 रुपये में बिजली कनेक्शन देने की मांग

भारतीय किसान संघ ने पिपरिया सहलावन में बंद पड़े धान एवं गेहूं खरीदी केंद्र को नवीन सहकारी समिति के माध्यम से दोबारा शुरू कराने की मांग की है, ताकि आसपास के किसानों को उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़े। इसके अलावा किसानों को मात्र पांच रुपये में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। संघ का कहना है कि वर्तमान में बिजली कनेक्शन लेने के लिए किसानों को 20 से 30 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ रहा है, जो छोटे और सीमांत किसानों के लिए बड़ी आर्थिक परेशानी है।

भारतीय किसान संघ ने कलेक्टर से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निराकरण कराने की अपील की है। संघ का कहना है कि धान खरीदी से लेकर खाद, बिजली और कृषि सुविधाओं तक किसानों को राहत मिलना जरूरी है, ताकि खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो और खरीदी व्यवस्था वास्तव में किसान हितैषी बन सके।

Related Articles

Back to top button