प्रशासनमध्यप्रदेश

जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 146 आवेदनों पर कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश,सरकारी स्कूल पर कब्जे से लेकर राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी और लंबित मानदेय तक पहुंचीं शिकायतें, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 146 आवेदनों पर कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश,सरकारी स्कूल पर कब्जे से लेकर राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी और लंबित मानदेय तक पहुंचीं शिकायतें, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – सरकारी स्कूल की इमारत पर अवैध कब्जा, राजस्व अभिलेखों में गलत जाति दर्ज होने, आधार कार्ड में जन्मतिथि की त्रुटि और रसोइयों के लंबित मानदेय सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में 146 आवेदकों ने अपनी शिकायतें रखीं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर आशीष तिवारी ने आवेदकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का तथ्यात्मक परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर ज्योति लिल्हारे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।

सरकारी स्कूल की इमारत पर अवैध कब्जे की शिकायत

जनसुनवाई में बरही निवासी अजय गुप्ता ने ग्राम बरहटा में पुरानी शासकीय स्कूल की इमारत पर अवैध कब्जा किए जाने और सरकारी संपत्ति का निजी उपयोग करने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

वहीं, ग्राम बिचुआ निवासी राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय ने खसरा क्रमांक 295 के ऑनलाइन राजस्व अभिलेख में नाम के स्थान पर गलत जाति दर्ज होने की शिकायत करते हुए अभिलेखों में सुधार कराने का आवेदन दिया।

राजस्व रिकॉर्ड और आधार में सुधार की मांग

कटनी निवासी निखिल सूर्यवंशी ने आधार कार्ड में जन्मतिथि की त्रुटि सुधारने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम शिवराजपुर निवासी मुण्डा कोल ने पुरानी बही में दर्ज खसरा क्रमांक 19 के आधार पर वर्तमान राजस्व अभिलेखों में अपना नाम दर्ज कराने की मांग की।

रसोइयों ने मांगा लंबित मानदेय

ग्राम पंचायत सलैयाफाटक स्थित पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली रसोइयों रेखा बाई सेन और माया बाई हल्दकार ने लंबित मानदेय का भुगतान कराने के लिए आवेदन दिया।

इसके अलावा ग्राम पंचायत गनियारी निवासी किशनलाल चौधरी ने आजीविका के लिए ऋण उपलब्ध कराने की मांग की। ग्राम दशरमन, तहसील ढीमरखेड़ा निवासी सुरेन्द्र सोनी ने अपनी दिवंगत पत्नी लक्ष्मी बाई की अनुग्रह सहायता राशि दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

कलेक्टर आशीष तिवारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button