सिहोरा न्यायालय में सुविधाओं का विस्तार, ई-सेवा केंद्र का शुभारंभ,जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णकांत मिश्रा ने किया लोकार्पण, पंचजन्य अभियान के तहत न्यायालय परिसर में न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं ने रोपे पौधे
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सिहोरा न्यायालय में सुविधाओं का विस्तार, ई-सेवा केंद्र का शुभारंभ,जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णकांत मिश्रा ने किया लोकार्पण, पंचजन्य अभियान के तहत न्यायालय परिसर में न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं ने रोपे पौधे
कलयुग की कलम सिहोरा – सिविल न्यायालय सिहोरा परिसर में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ई-सेवा केंद्र का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णकांत मिश्रा के कर-कमलों से किया गया। इस अवसर पर न्यायालय परिसर में पंचजन्य अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने अपने नाम से एक-एक पौधा रोपकर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
न्यायालय के मुख्य द्वार पर लगा नाम का बोर्ड
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता संघ की मांग पर न्यायाधीश संतोष कोल के विशेष प्रयासों से यूनियन बैंक सिहोरा के सहयोग से न्यायालय के मुख्य द्वार पर न्यायालय के नाम का बोर्ड लगवाया गया। इसके साथ ही गेट निर्माण का कार्य भी कराया गया। इस पहल के लिए अधिवक्ता संघ की ओर से जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णकांत मिश्रा का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।
न्यायिक अधिकारियों और अतिथियों ने किया पौधरोपण
वृक्षारोपण कार्यक्रम में न्यायालय के सभी न्यायाधीशों के साथ एसडीएम सिहोरा, एसडीओपी सिहोरा एवं अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रविदीप सिंह बैस सहित अन्य अतिथियों ने पौधे लगाए। प्रत्येक पौधे को संबंधित व्यक्ति के नाम से रोपा गया, जिससे उसकी देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी का भाव भी जुड़ा रहा।
अधिवक्ता संघ ने कैंटीन की मांग रखी
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता संघ ने न्यायालय परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंटीन की शीघ्र व्यवस्था किए जाने की मांग भी रखी। संघ का कहना है कि न्यायालय परिसर में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार से अधिवक्ताओं के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले पक्षकारों को भी सुविधा मिलेगी।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में संतोष कोल, श्याम सुंदर झा, अजय ऊईके, विशाल रिछारिया, खालिदा तनवीर, हिमांशी भारद्वाज, रूपा मिश्रा, दीपशिखा दांगी सहित न्यायिक अधिकारीगण, एसडीएम सिहोरा, एसडीओपी सिहोरा, यूनियन बैंक के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
अधिवक्ता संघ की ओर से अध्यक्ष रविदीप सिंह बैस, सचिव आनंद मणि त्रिपाठी, उपाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, सह सचिव आशीष ब्योहार, कोषाध्यक्ष सुनील पटेल, ग्रंथालय प्रभारी आलोक बयौहार, आनंद पटेल, साकेत पिण्डहा, अभय नारायण मिश्रा सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य, न्यायालयीन कर्मचारी एवं अधिवक्ता साथी मौजूद रहे।
ई-सेवा केंद्र का शुभारंभ, न्यायालय के मुख्य द्वार पर नाम का बोर्ड एवं गेट निर्माण तथा वृक्षारोपण को न्यायालय परिसर में सुविधाओं के विस्तार और सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



