श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा उमरियापान: संत रविदास जी की भव्य कलश यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत,डोली मोहल्ला से शुरू हुई यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, ‘बड़ी माई मंदिर’ परिसर में वक्ताओं ने कहा- ‘समाज को नई दिशा देते हैं संत रविदास के विचार’
कलयुग की कलम से राकेश यादव

श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा उमरियापान: संत रविदास जी की भव्य कलश यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत,डोली मोहल्ला से शुरू हुई यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, ‘बड़ी माई मंदिर’ परिसर में वक्ताओं ने कहा- ‘समाज को नई दिशा देते हैं संत रविदास के विचार’
कटनी मध्य प्रदेश
कलयुग की कलम उमरिया पान – क्षेत्र में सामाजिक समरसता और भक्ति का एक अनूठा संगम देखने को मिला। संत शिरोमणि पूज्य रविदास जी महाराज की पावन कलश यात्रा शनिवार को जैसे ही उमरियापान मंडल की सीमा में प्रविष्ट हुई, पूरा क्षेत्र ‘संत रविदास जी के जयकारों’ से गूंज उठा। नगरवासियों ने पलक-पावड़े बिछाकर अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और आत्मीयता के साथ इस दिव्य यात्रा की अगवानी की।
डोली मोहल्ला से शनि मंदिर तक बिखरी भक्ति की छटा
तय कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर ठीक 1:30 बजे उमरियापान के डोली मोहल्ला स्थित ऐतिहासिक संत रविदास मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। सिर पर मंगल कलश धारण किए मातृशक्ति और भक्ति में लीन श्रद्धालु आगे बढ़ रहे थे। यह यात्रा डोली मोहल्ला से रवाना होकर व्योहार मोहल्ला और दुर्गम शाला मार्ग से होते हुए अँधेलीबाग स्थित शनि मंदिर के समीप पहुंची। रास्ते भर झूमते-गाते श्रद्धालुओं के कारण माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
न्यू बस स्टैंड और झंडा चौक पर हुआ भव्य स्वागत
दोपहर 2 बजे अँधेलीबाग खेल मैदान के पास पहुंचते ही इस कलश यात्रा ने एक विशाल और भव्य रूप अख्तियार कर लिया। यहाँ से यात्रा न्यू बस स्टैंड और झंडा चौक होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहाँ कदम-कदम पर स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने सामिल हो कर कलश का पूजन-अर्चन किया। नगर का हर कोना श्रद्धा और आस्था के सागर में सराबोर नजर आया।

संतों के विचार आज भी प्रासंगिक: विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह
कलश यात्रा का समापन नगर के प्रसिद्ध ‘बड़ी माई मंदिर परिसर’ में एक भव्य धार्मिक सभा के रूप में हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, जिला मंत्री प्रशांत राय, पूर्व जिला मंत्री विजय दुबे, और मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया सहित अन्य वरिष्ठ वक्ताओं ने संत रविदास जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, एकता और मानवता का सर्वकालिक संदेश देता है। उनके विचार आज के रूढ़िवादी समाज को तोड़ने और भाईचारा स्थापित करने में सबसे बड़े मार्गदर्शक हैं। विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित जनसमुदाय से संत रविदास जी के आदर्शों को अपने व्यावहारिक जीवन में आत्मसात करने और उनके दिखाए सत्य व करुणा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
आयोजन में रही गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक और भव्य धार्मिक महा-आयोजन को सफल बनाने में राजेश व्यवहार, जितेंद्र अरोरा, धर्मेंद्र गौतम, संदीप सोनी, यतेंद्र गौतम, तांतू चौरसिया, वैभव चौरसिया, अंकित झारिया, अज्जू सोनी, राकेश यादव, प्रमोद असाटी, दिनेश असाटी और अखिलेश नामदेव सहित बड़ी संख्या में भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, समाजसेवियों, मातृशक्ति, युवाओं और बच्चों की सराहनीय उपस्थिति रही



