एक्सक्लूसिव खबरेंमध्यप्रदेश

10 सूत्रीय मांगों को लेकर उमरिया पान में समाजसेवी चंदू चौरसिया का अनिश्चितकालीन अनशन जारी,आईटीआई, 100 बिस्तरीय अस्पताल, उमरिया पान–सिहोरा सड़क सहित क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगों को लेकर न्यू बस स्टैंड में धरना

कलयुग की कलम से राकेश यादव

10 सूत्रीय मांगों को लेकर उमरिया पान में समाजसेवी चंदू चौरसिया का अनिश्चितकालीन अनशन जारी,आईटीआई, 100 बिस्तरीय अस्पताल, उमरिया पान–सिहोरा सड़क सहित क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगों को लेकर न्यू बस स्टैंड में धरना

कलयुग की कलम उमरिया पान – क्षेत्र की विभिन्न लंबित समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर समाजसेवी चन्द्रकांत ‘चंदू’ चौरसिया द्वारा 1 सितंबर से उमरिया पान के न्यू बस स्टैंड में शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना एवं अनशन जारी है। उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं से जुड़ी 10 प्रमुख मांगें शासन-प्रशासन के समक्ष रखी हैं।

समाजसेवी चौरसिया का कहना है कि क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इनका निराकरण होने से उमरिया पान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवागमन, रोजगार और खेल सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

इन 10 मांगों को लेकर आंदोलन

अनशन के दौरान प्रमुख रूप से उमरिया पान में आईटीआई भवन का निर्माण कर संस्थान प्रारंभ करने, 100 बिस्तरीय अस्पताल का निर्माण, उमरिया पान से सिहोरा सड़क निर्माण, दोनों चिन्हित स्थानों पर बस स्टैंड का निर्माण और उमरिया पान में एसडीएम न्यायालय टप्पा कोर्ट की स्थापना की मांग रखी गई है।

इसके साथ ही कृषि उपज मंडी की स्थापना, भारत के केंद्र बिंदु में प्रस्तावित उद्योग की स्थापना, ग्राम पंचायत बम्हनी में स्वीकृत भूमि पर खेल मैदान का निर्माण, सीएम राइज स्कूल के स्वीकृत भवन का निर्माण तथा झंडा चौक से बस्ती तक मुख्य सड़क का निर्माण कराने की मांग भी शामिल है।

चन्द्रकांत ‘चंदू’ चौरसिया ने कहा कि उनकी मांगें किसी व्यक्तिगत हित से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के विकास और आमजन की सुविधाओं से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि जब तक इन प्रमुख मांगों पर शासन-प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना और अनशन जारी रहेगा।

अनशन स्थल पर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लोगों की चर्चा भी बनी हुई है। अब देखना होगा कि आंदोलन के बीच शासन-प्रशासन की ओर से इन मांगों पर क्या कदम उठाया जाता है।

Related Articles

Back to top button