पीएम आवास योजना में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त! अपूर्ण आवासों को पूरा कराने सीईओ ने कसी कमर,जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर की मैराथन समीक्षा, अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट और हितग्राहियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

पीएम आवास योजना में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त! अपूर्ण आवासों को पूरा कराने सीईओ ने कसी कमर,जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर की मैराथन समीक्षा, अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट और हितग्राहियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में पूरा कराने के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हर सिमरनप्रीत कौर ने मैराथन समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों और मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान स्वीकृत अपूर्ण आवासों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों को पक्के मकान का लाभ दिलाना प्राथमिकता है। इसके लिए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और बाधाओं को दूर कर आवास जल्द पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।
हितग्राहियों की समस्याएं सुनीं, तकनीकी अड़चनें दूर करने के निर्देश
समीक्षा के दौरान सीईओ ने जनपद पंचायतवार अपूर्ण आवासों की स्थिति का जायजा लिया और हितग्राहियों को आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बैंक खाते से संबंधित दिक्कतों, वारिस परिवर्तन, आधार अनफ्रीज, जेंडर मिसमैच, जॉब कार्ड रिज्यूम तथा वर्क कोड जनरेट नहीं होने जैसी तकनीकी एवं प्रक्रियागत समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण कर समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, ताकि तकनीकी अड़चनों के कारण आवास निर्माण में देरी न हो और पात्र परिवारों को योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
गांव-गांव पहुंचकर निर्माण कार्यों की होगी निगरानी
सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने सेक्टर सुपरवाइजरों, ब्लॉक समन्वयकों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी अमला निर्माणाधीन आवासों की वास्तविक स्थिति का जायजा ले, हितग्राहियों से सीधे संवाद करे और उन्हें निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए प्रेरित करे।
उन्होंने लंबित आवासों में आ रही बाधाओं की पहचान कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उनका निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, प्रत्येक अपूर्ण आवास की प्रगति पर सतत निगरानी रखने और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समय-सीमा में आवास पूर्ण कराना प्राथमिकता
सीईओ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसका उद्देश्य पात्र ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसलिए स्वीकृत आवासों का निर्माण समय पर पूरा कराना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने मैदानी स्तर पर सक्रियता, प्रभावी निगरानी और विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी प्रधानमंत्री आवास योजना श्री मृगेंद्र सिंह सहित खंड स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत की इस पहल का उद्देश्य लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराना और हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है।



