उमरियापान के दशहरा चल समारोह में उमड़ा आस्था का सैलाब, झंडा चौक पर पैर रखने तक की जगह तलाशनी पड़ी,भव्य प्रतिमाओं, महाकाली मां दुर्गा की विकराल प्रतिमाएं और डीजे की धुन पर झूमते श्रद्धालुओं ने बांधा समां, सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा पुलिस अमला
कलयुग की कलम से राकेश

उमरियापान के दशहरा चल समारोह में उमड़ा आस्था का सैलाब, झंडा चौक पर पैर रखने तक की जगह तलाशनी पड़ी,भव्य प्रतिमाओं, महाकाली मां दुर्गा की विकराल प्रतिमाएं और डीजे की धुन पर झूमते श्रद्धालुओं ने बांधा समां, सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा पुलिस अमला
कलयुग की कलम उमरिया पान – विजयादशमी के पावन अवसर पर उमरियापान नगर में निकले दुर्गा प्रतिमा विसर्जन चल समारोह में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। माता रानी के दर्शन और दशहरा चल समारोह को देखने के लिए उमरियापान सहित आसपास के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। नगर के मुख्य बाजार स्थित झंडा चौक पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। आलम यह था कि लोगों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही थी। पूरा नगर माता रानी के जयकारों और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

नगर की लगभग 15 से 16 दुर्गा प्रतिमाएं आकर्षक साज-सज्जा और भव्य स्वरूप में कतारबद्ध तरीके से नगर भ्रमण पर निकलीं। चल समारोह में शामिल प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालु सड़क के दोनों ओर घंटों खड़े रहे। जगह-जगह लोगों ने माता रानी का स्वागत कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद सभी प्रतिमाओं को निर्धारित विसर्जन कुंड एवं तालाब में विधि-विधान के साथ विसर्जित किया गया।
भव्य प्रतिमाएं और महाकाली बनी आकर्षण का केंद्र
दशहरा चल समारोह में मां काली के विकराल स्वरूप वाली प्रतिमाओं ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। विभिन्न धार्मिक स्वरूपों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्य भक्ति गीतों की धुन और डीजे की गूंज पर उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए आगे बढ़े। माता रानी के जयकारों से नगर की गलियां गूंज उठीं। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच चल समारोह की रौनक देखते ही बन रही थी।
थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल की निगरानी में रही सुरक्षा व्यवस्था
विशाल जनसमूह को देखते हुए उमरियापान पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती। थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल पूरे चल समारोह के दौरान अपने पुलिस स्टाफ के साथ सक्रिय रूप से मौजूद रहे। उन्होंने चल समारोह के साथ चलते हुए व्यवस्थाओं पर नजर रखी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मियों ने यातायात को व्यवस्थित रखने और भीड़ को नियंत्रित करने में भूमिका निभाई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल समारोह शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ा। धार्मिक उल्लास, भव्य प्रतिमाओं और श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी ने उमरियापान के दशहरा पर्व को यादगार बना दिया।



