उमरिया पान साप्ताहिक बाजार में झपटमारी करने वाला बदमाश गिरफ्तार,भीड़ का फायदा उठाकर महिला से पॉलीथिन झपटी थी, मोबाइल और 9 हजार रुपये बरामद; आरोपी पहुंचा जेल
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरिया पान साप्ताहिक बाजार में झपटमारी करने वाला बदमाश गिरफ्तार,भीड़ का फायदा उठाकर महिला से पॉलीथिन झपटी थी, मोबाइल और 9 हजार रुपये बरामद; आरोपी पहुंचा जेल
कलयुग की कलम उमरिया पान – साप्ताहिक बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर महिला से पॉलीथिन झपटकर फरार हुए आरोपी को उमरियापान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर झपटा गया रेडमी मोबाइल फोन और 9 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे उमरियापान के साप्ताहिक बाजार में दुर्गावती पटेल खरीदारी कर रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके हाथ से पॉलीथिन झपटकर भीड़ के बीच से फरार हो गया। पॉलीथिन में रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन और 9 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
घटना की शिकायत मिलने पर थाना उमरियापान पुलिस ने अपराध क्रमांक 244/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों के साथ मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया।
तकनीकी और मानवीय सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर घटना में गूढ़ा निवासी धनेन्द्र लोनी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने धनेन्द्र लोनी पिता जानकी प्रसाद लोनी, निवासी गूढ़ा, थाना ढीमरखेड़ा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झपटा गया मोबाइल फोन और 9 हजार रुपये की पूरी नकदी बरामद कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपी को जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र जायसवाल, उपनिरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, आरक्षक सतेन्द्र चौरसिया, नीलेश पटेल, मोहन मुबेल, रोहित झारिया, महिला आरक्षक दुर्गा शुक्ला सहित थाना उमरियापान पुलिस स्टाफ और साइबर सेल कटनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की तत्परता से बाजार में झपटमारी का खुलासा
साप्ताहिक बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर हुई वारदात का पुलिस द्वारा शीघ्र खुलासा किए जाने से बाजार में अपराध करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का संदेश गया है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि भीड़भाड़ वाले बाजारों में मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।





