प्रशासनमध्यप्रदेश

डिजिटल टैक्सेशन में कटनी की बड़ी छलांग: जनपद पंचायत कटनी बनी जिले में नंबर-1 OSR प्रबंधन में ₹7.55 लाख की कर वसूली, जिला पंचायत भी प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल,सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की सतत निगरानी और सख्त निर्देशों का दिखने लगा असर, ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

डिजिटल टैक्सेशन में कटनी की बड़ी छलांग: जनपद पंचायत कटनी बनी जिले में नंबर-1 OSR प्रबंधन में ₹7.55 लाख की कर वसूली, जिला पंचायत भी प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल,सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की सतत निगरानी और सख्त निर्देशों का दिखने लगा असर, ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

कलयुग की कलम कटनी – ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कटनी जिले में ऑन सोर्स रेवेन्यू (OSR) प्रबंधन और डिजिटल टैक्सेशन को लेकर किए जा रहे प्रयास अब परिणाम देने लगे हैं। ऑनलाइन भुगतान प्राप्ति प्रणाली के माध्यम से कर एवं फीस की वसूली में जनपद पंचायत कटनी ने जिले की अन्य जनपद पंचायतों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है। वहीं, कर एवं फीस के डिजिटल भुगतान के मामले में जिला पंचायत कटनी प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो गई है।

इस उपलब्धि के पीछे जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर की प्रतिदिन की जा रही सतत निगरानी, प्रभावी दिशा-निर्देश और मैदानी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। OSR के तहत डिजिटल माध्यम से कर संग्रहण को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीणों को ऑनलाइन भुगतान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

₹7.55 लाख की कर वसूली के साथ जनपद कटनी अव्वल

OSR प्रबंधन के तहत जनपद पंचायत कटनी ने ₹7.55 लाख की कर वसूली दर्ज करते हुए जिले की सभी जनपद पंचायतों में पहला स्थान प्राप्त किया है। जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रदीप सिंह के अनुसार डिजिटल टैक्सेशन को बढ़ावा देने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

ग्राम पंचायतों में शासन के निर्देशों एवं मध्यप्रदेश पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार जल कर, स्वच्छता कर, संपत्ति कर, प्रकाश कर सहित अन्य निर्धारित करों एवं फीस की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। इसके लिए ग्राम पंचायतों में फ्लेक्स, बैनर और अन्य प्रचार माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार डिजिटल भुगतान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ रही है और लोग ग्राम पंचायतों के विकास में अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए निर्धारित कर एवं फीस का भुगतान करने के लिए आगे आ रहे हैं।

“नागरिक सेवा पोर्टल” से नियमित करें करों का भुगतान : कौर

जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने कहा कि ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने में स्वयं के आय स्रोतों में वृद्धि की अहम भूमिका है। कर एवं फीस की नियमित वसूली ग्राम पंचायतों की आर्थिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि ग्राम पंचायतों द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं एवं बुनियादी सुविधाओं के उपयोग के बदले निर्धारित कर एवं फीस का भुगतान “नागरिक सेवा पोर्टल” और ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से डिजिटल रूप से नियमित करें।

उन्होंने कहा कि OSR प्रबंधन ग्राम पंचायतों की आर्थिक आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण आधार है और इसकी सफलता में आम नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है।

डिजिटल भुगतान से बढ़ेगी पारदर्शिता, बचेगा समय

ऑनलाइन कर भुगतान को बढ़ावा देने के पीछे प्रशासन का उद्देश्य केवल राजस्व संग्रहण बढ़ाना ही नहीं, बल्कि भुगतान प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुरक्षित बनाना भी है।

समय की बचत: ऑनलाइन भुगतान कुछ ही समय में किया जा सकता है। नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े रहने की जरूरत कम होती है।

पारदर्शी व्यवस्था: डिजिटल लेनदेन से भुगतान की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होती है और प्रत्येक लेनदेन का रिकॉर्ड उपलब्ध रहता है।

आसान और सुविधाजनक: नागरिक घर बैठे मोबाइल या अन्य डिजिटल माध्यम से निर्धारित कर एवं फीस का भुगतान कर सकते हैं। नकद राशि लेकर कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं रहती।

सुरक्षित लेनदेन: डिजिटल भुगतान में नकदी खोने या चोरी होने का जोखिम नहीं रहता। भुगतान प्रक्रिया में आवश्यक सुरक्षा प्रावधानों का उपयोग किया जाता है।

भुगतान का स्थायी रिकॉर्ड: ऑनलाइन भुगतान के बाद लेनदेन का डिजिटल रिकॉर्ड और रसीद उपलब्ध रहती है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर दोबारा देखा जा सकता है।

ग्राम पंचायतों की आर्थिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

OSR और डिजिटल टैक्सेशन व्यवस्था को मजबूत करने से ग्राम पंचायतों के पास अपने स्तर पर उपलब्ध संसाधनों में वृद्धि होगी। इससे स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं के रखरखाव और विकास कार्यों में पंचायतों की वित्तीय क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है।

कटनी जिले में डिजिटल कर संग्रहण को लेकर सामने आए सकारात्मक परिणामों ने ग्राम पंचायतों के स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई राह तैयार की है। प्रशासन का जोर अब अधिक से अधिक नागरिकों को डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ने और पंचायतों के स्वयं के राजस्व स्रोतों को मजबूत करने पर है।

Related Articles

Back to top button