प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी में नशे और यातायात नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा: ओवरलोड, बिना नंबर वाहनों और स्कूलों के आसपास नशे के कारोबार पर चलेगा बड़ा अभियान,कलेक्टर आशीष तिवारी के सख्त निर्देश— स्कूल बसों की होगी विशेष जांच, ब्लैक स्पॉट सुधरेंगे, नशे के सौदागरों पर संयुक्त कार्रवाई

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में नशे और यातायात नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा: ओवरलोड, बिना नंबर वाहनों और स्कूलों के आसपास नशे के कारोबार पर चलेगा बड़ा अभियान,कलेक्टर आशीष तिवारी के सख्त निर्देश— स्कूल बसों की होगी विशेष जांच, ब्लैक स्पॉट सुधरेंगे, नशे के सौदागरों पर संयुक्त कार्रवाई

कलयुग की कलम कटनी – जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में ओवरलोड वाहनों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और स्कूल बसों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने के साथ-साथ स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशे का अवैध कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर, आरटीओ संतोष पाल, यातायात निरीक्षक अनूप सिंह, उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने पुलिस, परिवहन और खनिज विभाग की संयुक्त टीम गठित कर ओवरलोड वाहनों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों तथा स्कूल बसों की नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाते हुए कलेक्टर ने स्कूलों और कॉलेजों के आसपास तंबाकू, गांजा, स्मैक, नशीली गोलियों और प्रतिबंधित कफ सिरप की अवैध बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर संयुक्त रूप से मेडिकल स्टोर एवं संदिग्ध दुकानों की जांच करेंगे। साथ ही नार्कोटिक्स संबंधी सूचनाओं के लिए विशेष हेल्पलाइन विकसित करने की भी बात कही गई, ताकि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा सके।

बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी कई अहम निर्णय लिए गए। शहर के सभी स्पीड ब्रेकरों पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टिव मार्किंग और प्रमुख चौराहों पर गाइड साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। लखापतेरी और कश्यप ढाबा जैसे ब्लैक स्पॉट पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, जबकि पीर बाबा बायपास और सुर्खी टैंक मोड़ क्षेत्र में ले-बाय रोड विकसित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत, चांडक चौक को आधुनिक रोटरी के रूप में विकसित करने तथा यातायात व्यवस्था को और सुरक्षित बनाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया।

बैठक में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, लाइसेंस निरस्तीकरण योग्य मामलों का रिकॉर्ड तैयार करने और भारी वाहनों की शहर में अनधिकृत आवाजाही पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही ओवरस्पीड भारी वाहनों में जीपीएस अनिवार्य कराने, मंझगवा–बरही–बड़वारा मार्ग पर अवैध पार्किंग हटाने और केलवारा अंडरब्रिज से भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए रेलवे से समन्वय स्थापित करने की बात कही गई।

सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए बस संचालकों को प्रेरित करने तथा शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर ओवरस्पीड डिटेक्शन कैमरे लगाने हेतु बजट प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देते हुए शिक्षा विभाग को सभी बाउंड्रीवाल युक्त विद्यालय परिसरों में व्यापक पौधारोपण कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने बताया कि नशे के नेटवर्क के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। अब तक 17 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और पुलिस “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ अवैध कारोबार में शामिल गिरोहों पर भी लगातार नजर बनाए हुए है।

प्रशासन का मानना है कि इन निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में सड़क सुरक्षा मजबूत होगी, नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा और आम नागरिकों को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button