प्रशासनमध्यप्रदेश

नशे के खिलाफ बाकल पुलिस की बड़ी मुहिम: गांव-गांव पहुंचकर दिलाई नशामुक्ति की शपथ, समाज को दिया जागरूकता का संदेश

कलयुग की कलम से गोकुल दीक्षित

नशे के खिलाफ बाकल पुलिस की बड़ी मुहिम: गांव-गांव पहुंचकर दिलाई नशामुक्ति की शपथ, समाज को दिया जागरूकता का संदेश

कलयुग की कलम बाकल – समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त करने और युवाओं को सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से बाकल थाना पुलिस द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाया गया। ग्राम पंचायत इमलिया में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया।

यह अभियान जिला पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। थाना प्रभारी दिनेश तिवारी के आदेश अनुसार उपनिरीक्षक बी.एल. ठाकुर तथा एएसआई अजय बैस ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और संस्कारित समाज की स्थापना की जा सकती है।

अधिकारियों ने बताया कि नशे की लत पारिवारिक कलह, आर्थिक नुकसान, सामाजिक अपराध और कई गंभीर बीमारियों का कारण बनती है। यदि युवा वर्ग नशे से दूरी बनाए रखे तो परिवारों में खुशहाली और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जनहित अभियान की सराहना की। जन सहायता मानवाधिकार लोक सेवा परिषद के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों ने भी पुलिस की इस पहल को समाजहित में महत्वपूर्ण बताते हुए बाकल थाना प्रभारी सहित पूरे पुलिस स्टाफ के प्रयासों की प्रशंसा की।

ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाने से युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और समाज को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button