बड़वारा को स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात की पहल: विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से मिलकर पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन की रखी मांग,ढीमरखेड़ा, कछारगांव बड़ा, सिलौंडी, खमतरा और भजिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने का सौंपा आग्रह पत्र, क्षेत्रवासियों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बड़वारा को स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात की पहल: विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से मिलकर पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन की रखी मांग,ढीमरखेड़ा, कछारगांव बड़ा, सिलौंडी, खमतरा और भजिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने का सौंपा आग्रह पत्र, क्षेत्रवासियों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर
कलयुग की कलम उमरिया पान – बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने भोपाल स्थित निवास पर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को उन्नत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का दर्जा देने की मांग करते हुए औपचारिक आग्रह पत्र सौंपा।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि बड़वारा विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए ढीमरखेड़ा, कछारगांव बड़ा, सिलौंडी, खमतरा और भजिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन अत्यंत आवश्यक है। इन केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा मिलने से आसपास के हजारों ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं, बेहतर उपचार सुविधाएं और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में गंभीर मरीजों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और आर्थिक दोनों प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि इन स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन किया जाता है तो क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीणों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला ने विधायक द्वारा प्रस्तुत मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित प्रस्तावों पर नियमानुसार परीक्षण कराने का आश्वासन दिया।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे बड़वारा विधानसभा के हजारों नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। क्षेत्रवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



