प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी बनेगा निवेश का नया केंद्र: उद्योगों की राह में नहीं आने दी जाएगी कोई रुकावट, कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए सख्त निर्देश,लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक में आधारभूत सुविधाओं से लेकर नई औद्योगिक नीति तक हुई व्यापक समीक्षा, उद्योगपतियों ने भी शहर विकास में निभाई भागीदारी की जिम्मेदारी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी बनेगा निवेश का नया केंद्र: उद्योगों की राह में नहीं आने दी जाएगी कोई रुकावट, कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए सख्त निर्देश,लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक में आधारभूत सुविधाओं से लेकर नई औद्योगिक नीति तक हुई व्यापक समीक्षा, उद्योगपतियों ने भी शहर विकास में निभाई भागीदारी की जिम्मेदारी

कलयुग की कलम कटनी – जिले को निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने स्पष्ट किया कि जिले में उद्योगों के विकास और नए निवेश के मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे निवेशकों का विश्वास मजबूत हो और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों।

शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि उद्योगों से संबंधित समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एमपीआईडीसी जबलपुर के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनिल राठौर, नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, सहायक कलेक्टर श्री श्लोक वायकर, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक सुश्री ज्योति सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

लंबित मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर

बैठक की शुरुआत पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा से हुई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कर उनकी प्रगति से प्रशासन को अवगत कराया जाए।

औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं विकसित करने के निर्देश

कलेक्टर ने लमतरा औद्योगिक क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय, पेयजल व्यवस्था, दिशा-सूचक संकेतक, क्षेत्र का मानचित्र और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित और सुविधासंपन्न औद्योगिक क्षेत्र ही नए निवेशकों को आकर्षित करते हैं।

बिजली, सड़क और जल निकासी की समस्याओं पर होगी प्राथमिक कार्रवाई

बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों ने बिजली ट्रिपिंग, जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या प्रमुखता से उठाई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इमलिया रोड औद्योगिक क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण के लिए नगर निगम को शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने को भी कहा गया।

नई औद्योगिक नीति का मिलेगा व्यापक लाभ

कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र को निर्देशित किया कि मध्यप्रदेश की नई औद्योगिक नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए कार्यशालाओं का आयोजन कर जिले के अधिक से अधिक उद्यमियों को शासन की प्रोत्साहन योजनाओं से जोड़ा जाए।

औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी रहेगा प्राथमिकता

बैठक में औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिए कि औद्योगिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन की नियमित निगरानी की जाए और आवश्यकतानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

शहर विकास में उद्योग जगत निभाएगा भागीदारी

नगर निगम द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण, पौधरोपण, वॉल पेंटिंग, उद्यान विकास और सार्वजनिक स्थलों के उन्नयन में उद्योगों की सहभागिता का प्रस्ताव रखा गया। इस पर विभिन्न औद्योगिक संगठनों ने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक के समापन पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कहा कि प्रशासन और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय ही कटनी को औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। उन्होंने सभी विभागों को उद्योग हितैषी कार्यसंस्कृति अपनाते हुए प्रत्येक समस्या का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button