रिमझिम बारिश में ग्रामीणों के बीच पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी, एसपी अभिनय विश्वकर्मा और डीएफओ गर्वित गंगवार; बचैया की रात्रिकालीन चौपाल बनी भरोसे, संवाद और त्वरित समाधान का सशक्त मंच,52 से अधिक आवेदनों पर मौके पर सुनवाई, ग्रामीणों ने खुलकर रखीं समस्याएं; अधिकारियों ने समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

रिमझिम बारिश में ग्रामीणों के बीच पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी, एसपी अभिनय विश्वकर्मा और डीएफओ गर्वित गंगवार; बचैया की रात्रिकालीन चौपाल बनी भरोसे, संवाद और त्वरित समाधान का सशक्त मंच,52 से अधिक आवेदनों पर मौके पर सुनवाई, ग्रामीणों ने खुलकर रखीं समस्याएं; अधिकारियों ने समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश
कलयुग की कलम बहोरीबंद – जनपद पंचायत बहोरीबंद की ग्राम पंचायत बचैया में गुरुवार रात आयोजित रात्रिकालीन चौपाल प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद, संवेदनशीलता और विश्वास का अनूठा उदाहरण बनकर सामने आई। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित इस चौपाल में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा तथा वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
रिमझिम बारिश के बीच देर रात तक चली इस चौपाल में समाचार लिखे जाने तक 52 से अधिक आवेदनों पर सुनवाई की जा चुकी थी। जैसे ही कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद शुरू किया, लोगों ने बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं। चौपाल का माहौल ऐसा रहा मानो गांव के बीच कोई अपना ही लोगों की बात सुनने पहुंचा हो। अधिकारियों की सहजता और आत्मीय व्यवहार से ग्रामीणों में विशेष उत्साह और संतोष देखने को मिला।
पेयजल, बिजली, सड़क और राजस्व मामलों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे
ग्रामीणों ने पेयजल संकट, सड़क और बिजली व्यवस्था, भूमि संबंधी विवाद, शासकीय योजनाओं के लाभ, वृद्धावस्था पेंशन तथा बीपीएल सूची में नाम जोड़ने जैसे विषयों पर अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर आशीष तिवारी ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व मामलों में आबादी भूमि के पट्टे, नक्शे में त्रुटि सुधार, ऑनलाइन खसरा रिकॉर्ड दर्ज कराने तथा राजस्व अभिलेखों में संशोधन से जुड़े आवेदन सामने आए। वहीं तेज बारिश और आंधी के कारण क्षतिग्रस्त घरेलू पानी की टंकियों के लिए मुआवजा दिलाने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी।
बिजली और पुलिस संबंधी शिकायतों पर भी दिए गए निर्देश
रात्रिकालीन चौपाल में बिजली आपूर्ति बाधित होने, ट्रांसफार्मर खराब होने तथा उसे बदलवाने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। इसके अलावा डराने-धमकाने और अन्य पुलिस संबंधी मामलों पर भी ग्रामीणों ने अपनी बात रखी, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम बचैया के सरपंच राहुल कोरी ने गांव में आधार सेवा केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी प्रशासन के समक्ष रखा।
ग्रामीणों ने कहा— पहली बार इतने आत्मीय अंदाज में सुनी गई हमारी बात
करीब 65 वर्षीय भरत और 70 वर्षीय बेनी प्रसाद सहित कई ग्रामीणों ने कहा कि जब जिले के वरिष्ठ अधिकारी गांव तक पहुंचकर समस्याएं सुनते हैं, तो समाधान की उम्मीद और मजबूत हो जाती है। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने पहली बार किसी कलेक्टर को इतनी आत्मीयता और सहजता के साथ गांव के बीच बैठकर लोगों की समस्याएं सुनते देखा है।
ग्रामीणों के अनुसार यह चौपाल केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं रही, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास के रिश्ते को और मजबूत करने का माध्यम बन गई।
हनुमान मंदिर में कलेक्टर, एसपी और डीएफओ ने की पूजा-अर्चना
रात्रिकालीन चौपाल के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार ने ग्राम बचैया स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अधिकारियों ने जिलेवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।



