जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब: 158 फरियादियों की समस्याएं सुनीं कलेक्टर ने, साइबर ठगी से लेकर आवास और पेंशन तक के मामलों में दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश,दूर-दराज गांवों से पहुंचे लोगों की शिकायतों पर प्रशासन सख्त, अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के आदेश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब: 158 फरियादियों की समस्याएं सुनीं कलेक्टर ने, साइबर ठगी से लेकर आवास और पेंशन तक के मामलों में दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश,दूर-दराज गांवों से पहुंचे लोगों की शिकायतों पर प्रशासन सख्त, अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के आदेश
कलयुग की कलम कटनी – जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में मंगलवार को आमजन की समस्याओं और शिकायतों की गूंज सुनाई दी। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 158 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, सहायक कलेक्टर श्लोक वाइकर, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उइके, जिला प्रबंधक लोकसेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
2.24 लाख की साइबर ठगी पर तत्काल जांच के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान कैमोर क्षेत्र के खलवारा बाजार निवासी पुनीत केवट ने शिकायत दर्ज कराई कि 25 मई 2026 को बिना किसी ओटीपी अथवा पासवर्ड साझा किए उनके बैंक खातों एवं एयरटेल पेमेंट बैंक खाते से कुल 2 लाख 24 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक को तत्काल जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
64 वर्षीय बुजुर्ग ने लगाई पेंशन की गुहार
तहसील स्लीमनाबाद निवासी 64 वर्षीय मेलचन्द्र साहू ने वृद्धावस्था पेंशन प्रारंभ कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई कर पेंशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
20 वर्षों से खेती कर रहे ग्रामीणों ने मांगी सुरक्षा
ग्राम कौड़िया के ग्रामीणों ने सामूहिक आवेदन देकर बताया कि वे पिछले दो दशकों से शासकीय भूमि पर खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों द्वारा उन्हें जमीन से बेदखल करने और धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। कलेक्टर ने मामले की जांच कर निर्धारित समय-सीमा में उचित कार्रवाई करने के निर्देश तहसीलदार स्लीमनाबाद को दिए।
जर्जर मकान में रह रहे मजदूर ने मांगा आवास
ग्राम पंचायत पडरभटा निवासी दैनिक मजदूर सुखदेव डुमार ने बताया कि वर्ष 2024 की बारिश में उनका कच्चा मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और अब कभी भी गिर सकता है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत को पात्रता परीक्षण कर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन सक्रिय
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आवास, भूमि विवाद, साइबर अपराध तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई। कलेक्टर श्री तिवारी ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए।
“जनता की समस्या, प्रशासन की जिम्मेदारी” — इसी संकल्प के साथ जनसुनवाई में पहुंचे प्रत्येक आवेदक को न्याय दिलाने की दिशा में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।



