एक्सक्लूसिव खबरेंदुर्घटनामध्यप्रदेश

नौतपा की पहली दस्तक में तूफान का कहर,बम्हनी मेनरोड पर गिरा विशाल आम का पेड़, उमरियापान-ढीमरखेड़ा मार्ग घंटों जाम,सात बिजली पोल धराशाई, ग्रामीणों-प्रशासन और बिजली कर्मियों की मशक्कत के बाद हालात हुए सामान्य

कलयुग की कलम से राकेश यादव

नौतपा की पहली दस्तक में तूफान का कहर,बम्हनी मेनरोड पर गिरा विशाल आम का पेड़, उमरियापान-ढीमरखेड़ा मार्ग घंटों जाम,सात बिजली पोल धराशाई, ग्रामीणों-प्रशासन और बिजली कर्मियों की मशक्कत के बाद हालात हुए सामान्य

कलयुग की कलम उमरिया पान – नौतपा की शुरुआत के साथ ही मौसम ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोमवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने उमरियापान से ढीमरखेड़ा मार्ग तक जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। ग्राम बम्हनी मेनरोड पर तेज हवाओं के चलते एक विशाल आम का पेड़ मुख्य सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

घटना के बाद सड़क पर भारी जाम की स्थिति निर्मित हो गई। बाइक सवार, यात्री वाहन और छोटे-बड़े वाहन घंटों फंसे रहे। अचानक बदले मौसम और सड़क बंद होने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कई राहगीरों को बीच रास्ते में रुककर मौसम शांत होने का इंतजार करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पेड़ हटाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हुआ और ग्रामीणों के सहयोग से विशाल आम के पेड़ को हटाने का अभियान शुरू किया गया। घंटों की भारी मशक्कत के बाद मार्ग से पेड़ हटाया जा सका, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो पाया।

आंधी-तूफान का असर केवल सड़क तक सीमित नहीं रहा। पेड़ गिरने और तेज हवाओं के कारण करीब सात बिजली पोल भी क्षतिग्रस्त होकर धराशाई हो गए, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। कई गांवों में घंटों अंधेरा छाया रहा और उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी के बीच भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

बिजली विभाग के कर्मचारियों और क्षेत्रीय लाइनमैन ने कड़ी मेहनत करते हुए टूटे तारों और पोलों को दुरुस्त किया। कठिन परिस्थितियों के बीच लगातार चले सुधार कार्य के बाद बिजली आपूर्ति को पुनः सुचारू रूप से चालू कराया गया। स्थानीय लोगों ने बिजली कर्मियों और प्रशासन की तत्परता की सराहना की।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज गर्मी के साथ आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, पेड़ों और बिजली लाइनों से दूरी बनाए रखने तथा अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button