मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी, 25 मई तक दर्ज होंगी दावा-आपत्तियां आज 22 मई को कटनी पहुंचेंगे निर्वाचन प्रेक्षक, दावा-आपत्ति केंद्रों का करेंगे औचक निरीक्षण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी, 25 मई तक दर्ज होंगी दावा-आपत्तियां आज 22 मई को कटनी पहुंचेंगे निर्वाचन प्रेक्षक, दावा-आपत्ति केंद्रों का करेंगे औचक निरीक्षण
कलयुग की कलम कटनी – जिले में वर्ष 2026 की फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर Ashish Tiwari के मार्गदर्शन में नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों में मतदाता सूची सुधार की प्रक्रिया जारी है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 मई तक दावा एवं आपत्तियां स्वीकार की जा रही हैं। इस दौरान नागरिक अपने नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन कराने संबंधी आवेदन निर्धारित केंद्रों पर जमा कर सकते हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से समय सीमा के भीतर अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराने की अपील की है।
राजनीतिक दलों को सौंपी गई प्रारूप मतदाता सूची
मतदाता सूची पुनरीक्षण को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से बीते दिनों स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया, जहां उन्हें प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई। राजनीतिक दलों से सूची का परीक्षण कर आवश्यक सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने को कहा गया।
निर्वाचन प्रेक्षक करेंगे औचक निरीक्षण
प्रक्रिया की निगरानी के लिए शुक्रवार 22 मई को निर्वाचन प्रेक्षक के जिले में आगमन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रेक्षक नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों के दावा-आपत्ति केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही वे पंजीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर दावा-आपत्तियों की स्थिति, निराकरण प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा भी करेंगे।
प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए पुनरीक्षण अभियान गंभीरता से चलाया जा रहा है, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।



