30 मई तक चलेगा मकान सूचीकरण अभियान, 10.90 लाख से अधिक आबादी का डेटा जुटा,जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 396 हाउसलिस्टिंग ब्लॉकों का कार्य शत-प्रतिशत पूरा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

30 मई तक चलेगा मकान सूचीकरण अभियान, 10.90 लाख से अधिक आबादी का डेटा जुटा,जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 396 हाउसलिस्टिंग ब्लॉकों का कार्य शत-प्रतिशत पूरा
कटनी। राष्ट्रीय जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण का कार्य तेज गति से जारी है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आशीष तिवारी के निर्देशन में यह अभियान 30 मई तक संचालित किया जाएगा।
जिले में कुल 2010 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें से 396 ब्लॉकों का कार्य पूरी तरह पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 1614 ब्लॉकों में सूचीकरण कार्य जारी है। अब तक जिले की 10 लाख 90 हजार 604 आबादी को इस प्रक्रिया में शामिल किया जा चुका है।
घर-घर पहुंचे रहे प्रगणक, जुटाई जा रही बुनियादी जानकारी
मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणक परिवारों से भवन और घरेलू सुविधाओं से जुड़ी सामान्य जानकारी एकत्र कर रहे हैं। इसमें परिवार के मुखिया का नाम, सदस्यों की संख्या, पेयजल, बिजली, शौचालय, गैस कनेक्शन, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन तथा अन्य घरेलू संसाधनों से संबंधित विवरण शामिल हैं।
आधार, पैन, बैंक डिटेल और OTP नहीं मांगा जाएगा
प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क करते हुए स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति से आधार नंबर, पैन नंबर, बैंक खाता विवरण या OTP नहीं पूछा जाएगा। यदि प्रगणक घर पहुंचे तो नागरिक उनका अधिकृत पहचान पत्र देखकर ही जानकारी साझा करें।
सही जानकारी दें, विकास योजनाओं की बनेगी मजबूत नींव
कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सटीक और सत्य जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण का आधार बनते हैं।
प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर डिजिटल माध्यम से सभी आंकड़ों का संकलन पूर्ण कर पारदर्शी और त्रुटिरहित जनगणना सुनिश्चित करना है.



