जबलपुर जिले में स्थित लम्हेटाघाट में निर्धारित समय के बाद तथा पर्यटकों को बिना लाइफ जैकेट पहनाये नौकायन कराने पर एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के आदेश पर नाविक जगन यादव के विरुद्ध भेड़ाघाट थाने में धारा 151 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है तथा उसे जेल भेजने की कार्यवाही की गई है।
एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह द्वारा गत दिवस लम्हेटाघाट में नौका संचालन का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान निर्धारित समय दोपहर एक बजे के बाद नाविक जगन यादव को नाव का संचालन करते पाया गया था। साथ ही 4 से 5 पर्यटकों को बिना लाइफ जैकेट नाव में सवार पाये गये थे।
एसडीएम द्वारा तत्काल अनुविभागीय अधिकारी पुलिस और मुख्य नगर पालिका अधिकारी भेड़ाघाट को आवश्यक कार्यवाही के दिए गए। निर्देश के तारतम्य में नाविक जगन यादव के विरुद्ध धारा 151 के तहत थाना भेड़ाघाट में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया तथा तहसील गोरखपुर से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए उसे जेल भेजने की कार्यवाही की गई।
प्रकरण में लम्हेटाघाट नावघाट प्रभारी आकाश ठाकुर द्वारा लापरवाही करने हेतु सात दिवस का वेतन काटने की कार्यवाही की भी की गई। इसके साथ ही सभी घाट प्रभारीयों को अंतिम रूप से हिदायत दी गई है कि इस प्रकार की पुनरावृति पाये जाने पर नाव जब्त करने के साथ साथ संबंधितों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाये।