प्रशासनमध्यप्रदेश

सिलौंडी महाविद्यालय में एडमिशन की शुरुआत: 1 मई से खुला पोर्टल, घर बैठे करें पंजीयन—छात्राओं को पहले चरण में फीस से राहत

कलयुग की कलम से राकेश यादव

सिलौंडी महाविद्यालय में एडमिशन की शुरुआत: 1 मई से खुला पोर्टल, घर बैठे करें पंजीयन—छात्राओं को पहले चरण में फीस से राहत

कलयुग की कलम सिलौंडी – सिलौंडी शासकीय महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्राचार्य डॉ. रतिराम अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि 12वीं उत्तीर्ण एवं पूरक छात्र-छात्राओं के लिए 1 मई से प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जो 30 जून 2026 तक संचालित की जाएगी। यह प्रक्रिया उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं एनसीटीई पाठ्यक्रम संचालित करने वाले महाविद्यालयों में लागू रहेगी।

इस वर्ष भी प्रवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें दो केंद्रीकृत चरण और एक कॉलेज लेवल काउंसलिंग (CLC) चरण शामिल रहेगा। विद्यार्थी ePravesh मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से घर बैठे पंजीयन कर सकते हैं। खास बात यह है कि विद्यार्थी अभी से ePravesh ऐप के जरिए पंजीयन शुरू कर सकते हैं, जबकि विकल्प चयन 1 मई से प्रारंभ हो चुका है।

प्रवेश को अधिक सुलभ बनाने के लिए पंजीयन शुल्क NCTE एवं परंपरागत पाठ्यक्रमों के लिए मात्र ₹100 निर्धारित किया गया है और इस वर्ष भी पोर्टल शुल्क पूरी तरह समाप्त रखा गया है। पहले चरण में छात्राओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, जबकि दूसरे चरण से सभी विद्यार्थियों के लिए ₹150 पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है।

जो विद्यार्थी स्वयं पंजीयन करने में असमर्थ हैं, उनके लिए शासकीय महाविद्यालय सिलौंडी में सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां निःशुल्क पंजीयन सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही कॉलेज में हेल्पडेस्क और हेल्पलाइन की व्यवस्था भी की गई है, जो कार्यालयीन समय में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।प्रवेश प्रक्रिया के तहत प्रथम आवंटन सूची 20 मई 2026 को जारी की जाएगी।

डिजिटल सुविधा, कम शुल्क और हेल्प सेंटर की व्यवस्था के साथ इस बार की प्रवेश प्रक्रिया छात्रों के लिए अधिक आसान और पारदर्शी बनाई गई है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी उच्च शिक्षा से जुड़ सकें।

Related Articles

Back to top button