सिंगल क्लिक से बड़ी राहत: 804 श्रमिक परिवारों को 17 करोड़ से अधिक की सहायता, संबल योजना बना सहारा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सिंगल क्लिक से बड़ी राहत: 804 श्रमिक परिवारों को 17 करोड़ से अधिक की सहायता, संबल योजना बना सहारा
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत कटनी जिले के 804 श्रमिक परिवारों के खातों में 17 करोड़ 13 लाख रुपये से अधिक की अनुग्रह राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस पहल से जिले के सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव सीधे जमीनी स्तर पर नजर आया है।
कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जहां उपस्थित हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान जिला श्रमपदाधिकारी के.बी. मिश्रा सहित श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और लाभार्थियों को योजना की जानकारी भी दी गई।
संबल योजना के तहत जिले के विभिन्न जनपदों में बड़ी राशि वितरित की गई। जनपद पंचायत कटनी के 105 परिवारों को 2 करोड़ 26 लाख रुपये, ढीमरखेड़ा के 126 परिवारों को 2 करोड़ 66 लाख रुपये, बड़वारा के 121 परिवारों को 2 करोड़ 51 लाख रुपये, रीठी के 119 परिवारों को 2 करोड़ 60 लाख रुपये, बहोरीबंद के 167 परिवारों को 3 करोड़ 50 लाख रुपये और विजयराघवगढ़ के 122 परिवारों को 2 करोड़ 68 लाख रुपये की सहायता दी गई। इसके अलावा नगर निगम कटनी के 31 परिवारों को 66 लाख रुपये, नगर परिषद कैमोर के 5 परिवारों को 10 लाख रुपये, नगर परिषद विजयराघवगढ़ के 4 परिवारों को 8 लाख रुपये तथा नगर परिषद बरही के 4 परिवारों को 8 लाख रुपये प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच के रूप में कार्य कर रही है। योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रुपये, सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपये, स्थायी अपंगता पर 2 लाख रुपये तथा आंशिक स्थायी अपंगता पर 1 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। इसके साथ ही अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 हजार रुपये प्रदान किए जाते हैं। महिला श्रमिकों को प्रसूति सहायता के रूप में 16 हजार रुपये दिए जाते हैं, वहीं श्रमिकों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए पूर्ण शुल्क वहन करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ है कि सरकार योजनाओं के जरिए सीधे लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सिंगल क्लिक ट्रांसफर प्रणाली ने पारदर्शिता और त्वरित सहायता को मजबूत किया है, जिससे श्रमिक परिवारों को कठिन समय में संबल और सुरक्षा दोनों मिल रहे हैं।



