कटनी-उमरिया हाईवे हादसा: बड़वारा के भदौरा बीट में घायल तेंदुए का सफल रेस्क्यू, मुकुंदपुर जू भेजा गया,अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुआ वन्यजीव, वन अमले की त्वरित कार्रवाई से बची जान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी-उमरिया हाईवे हादसा: बड़वारा के भदौरा बीट में घायल तेंदुए का सफल रेस्क्यू, मुकुंदपुर जू भेजा गया,अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुआ वन्यजीव, वन अमले की त्वरित कार्रवाई से बची जान
कलयुग की कलम बड़वारा – कटनी-उमरिया हाईवे पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक तेंदुए को वन विकास निगम की तत्परता और समन्वित प्रयासों से सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार हेतु मुकुंदपुर जू भेजा गया। यह घटना बड़वारा परिक्षेत्र की भदौरा बीट अंतर्गत सामने आई।
हाईवे किनारे गंभीर हालत में मिला तेंदुआ
कुण्डम परियोजना मंडल (राज्य वन विकास निगम) के संभागीय प्रबंधक श्री मोहित सूद के अनुसार, कक्ष क्रमांक 453 से गुजरने वाले हाईवे के किनारे एक तेंदुआ घायल अवस्था में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से जख्मी हुआ है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा वन अमला
घटना की जानकारी मिलते ही बड़वारा परिक्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए श्री सूद के मार्गदर्शन में संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कटनी वन मंडल (सामान्य) के अमले ने भी सहयोग करते हुए मौके पर मौजूद भीड़ को नियंत्रित किया।
विशेषज्ञ की देखरेख में ट्रैंक्यूलाईज़ कर किया गया रेस्क्यू
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तोमर को बुलाया गया, जिन्होंने तेंदुए को सुरक्षित रूप से ट्रैंक्यूलाईज़ (बेहोश) किया। इसके बाद विशेष ट्रेप केज की सहायता से उसे सुरक्षित पकड़ा गया।
मुकुंदपुर जू में जारी है उपचार
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार घायल तेंदुए को तत्काल मुकुंदपुर जू भेजा गया, जहां वन्यप्राणी चिकित्सकों द्वारा उसका परीक्षण किया गया। चोटें गंभीर होने के चलते विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
वन विभाग की सतर्कता और समन्वय से एक दुर्लभ वन्यजीव का जीवन बचाने में सफलता मिली है, जो सराहनीय पहल मानी जा रही है।



