मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लेते हुए सीधी कलेक्टर को हटा दिया है। सीएम मोहन यादव मिर्जापुर से लौटते वक्त अचानक सीधी जिले के औचक दौरे पर रुके। यहां उन्होंने अधिकारियों की बैठक ली और बैठक के बाद जब मीडिया ने सीएम मोहन यादव से अचानक दौरे को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि अचानक हुए दौरे का असर भी जल्द दिखेगा और इसके कुछ देर बाद ही सीधी कलेक्टर को हटा दिया गया।
सीधी जिले के आकस्मिक भ्रमण में आम जनता एवं जन प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न मुद्दों पर की गई शिकायतों एवं जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों की क्रिया कलापों पर विस्तार से समीक्षा एवं फीडबैक लेने के बाद सीएम मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लिया। सीएम मोहन यादव ने सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से कलेक्टर पद से हटाए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक पीएस धनवाल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश सीएम मोहन यादव ने दिए हैं। स्वरोचिष सोमवंशी को हटाने बाद विकास मिश्रा को सीधी जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है।