रहमत, बरकत और मोहब्बत का पैगाम: उमरियापान में अकीदत व एहतराम के साथ मनाई गई ईद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा।
कलयुग की कलम से राकेश यादव

रहमत, बरकत और मोहब्बत का पैगाम: उमरियापान में अकीदत व एहतराम के साथ मनाई गई ईद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा।
कलयुग की कलम उमरिया पान – मुकद्दस माह रमजान की इबादतों और रोजों के बाद शनिवार को उमरियापान क्षेत्र में ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे अकीदत, एहतराम और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर, इत्र की खुशबू में महकते लोग ईदगाह और मस्जिदों की ओर बढ़ते नजर आए।
उमरिया पान अंधेलीबाग स्थित ईदगाह में सुबह लगभग साढ़े 8 बजे बड़ी संख्या में मुस्लिम भाई एकत्रित हुए, जहां सभी ने एक साथ ईद की नमाज अदा की। नमाज के दौरान क्षेत्र में अमन, चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर “ईद मुबारक” कहा और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया।
ईद-उल-फितर इस्लाम धर्म का एक प्रमुख त्योहार है, जो रमजान के पूरे महीने रोजा रखने के बाद मनाया जाता है। इस दिन ‘जकात-उल-फितर’ के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करने की परंपरा भी निभाई जाती है, जिससे समाज में समानता और इंसानियत का भाव मजबूत होता है। बच्चों में ईदी पाने का उत्साह भी देखने लायक रहा, वहीं घरों में सेवइयां, शीरखुरमा और विभिन्न व्यंजनों की खुशबू ने त्योहार की रौनक को और बढ़ा दिया।
पूरे क्षेत्र में ईद को लेकर खास चहल-पहल रही। बाजारों में भीड़ देखने को मिली और लोगों ने जमकर खरीदारी की। छोटे-छोटे बच्चे भी नए कपड़े पहनकर ईद की खुशियां मनाते नजर आए।त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र के प्रमुख स्थानों गांवों व मस्जिदों का निरीक्षण कर शांति व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन की सक्रियता के चलते पूरे क्षेत्र में त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
ईद का यह पावन पर्व न केवल खुशियों का संदेश देता है, बल्कि समाज में भाईचारा, प्रेम और एकता की भावना को भी मजबूत करता है। उमरियापान में मनाई गई यह ईद आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता की मिसाल बनकर सामने आई।



