कटनी में पुलिस का बड़ा एक्शन: आधी रात कॉम्बिंग गश्त, 112+ वारंट तामील, यातायात नियम के उल्लंघन पर भी हुई कर्यवाही
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में पुलिस का बड़ा एक्शन: आधी रात कॉम्बिंग गश्त, 112+ वारंट तामील, यातायात नियम के उल्लंघन पर भी हुई कर्यवाही
कलयुग की कलम कटनी – जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने 19-20 मार्च की दरमियानी रात सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों पर कड़ा शिकंजा कसा। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में की गई।
जिले के चारों अनुभागों में डीएसपी के नेतृत्व में थाना और चौकी प्रभारियों सहित पुलिस बल ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान कुल 112 से अधिक वारंट तामील किए गए, जिनमें 29 स्थायी वारंट, 54 गिरफ्तारी वारंट, 29 जमानती वारंट और 52 समंस शामिल हैं।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 45 से अधिक गुंडा बदमाशों और 50 से अधिक निगरानी बदमाशों की सघन जांच कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया। वहीं अवैध गतिविधियों पर भी कड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों के खिलाफ आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 2 वाहनों को जब्त किया। इसके साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 121 व्यक्तियों पर कार्यवाही की गई।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों के साथ-साथ होटल, ढाबों और लॉज में भी सघन जांच अभियान चलाया।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, जिससे जिले में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सके।



