प्रशासनमध्यप्रदेश

जल संरक्षण की मिसाल: चाका में श्रमदान से चमका बड़ा तालाब, जन-जन जुड़ा जलगंगा अभियान से

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जल संरक्षण की मिसाल: चाका में श्रमदान से चमका बड़ा तालाब, जन-जन जुड़ा जलगंगा अभियान से

कलयुग की कलम कटनी -जिले में जल संरक्षण और संवर्धन को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से जलगंगा संवर्धन अभियान के तहत गुरुवार को ग्राम पंचायत चाका में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक, कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष, सीईओ एवं निगमायुक्त सहित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एक साथ मिलकर बड़ा तालाब की साफ-सफाई में श्रमदान किया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में ग्राम पंचायत एवं मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के नेतृत्व में जल कलश यात्रा और जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की सहभागिता रही।

द्वितीय चरण में बड़ा तालाब पर सामूहिक श्रमदान किया गया, जहां सभी ने मिलकर तालाब की सफाई कर जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। यह जिले में आयोजित तीसरा जिला स्तरीय जलगंगा संवर्धन कार्यक्रम रहा।

कार्यक्रम में विधायक संदीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, कलेक्टर आशीष तिवारी, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, निगमायुक्त तपस्या परिहार एवं जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में विधायक श्री जायसवाल ने कहा कि जलगंगा संवर्धन अभियान केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि जनसहभागिता से सफल होने वाला अभियान है। उन्होंने वर्षाजल संचयन (वॉटर हार्वेस्टिंग) को आवश्यक बताते हुए कहा कि बारिश के पानी को संरक्षित कर भूजल स्तर को बढ़ाया जा सकता है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधन सुरक्षित रहेंगे।

जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 19 मार्च से 30 जून तक जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य जल संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाना है।

इस अवसर पर विधायक श्री जायसवाल द्वारा लगभग 26 लाख रुपये लागत के सीसी रोड निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम में सरपंच रहीशा बेगम, परियोजना अधिकारी मनरेगा ऋषि चड़ार, डॉ. तेजसिंह केशवाल, कमलेश सैनी, जनपद पंचायत कटनी के सीईओ प्रदीप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

राहगीरों के लिए चाका में सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम पंचायत भवन चाका के सामने राहगीरों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मिट्टी के घड़ों में पानी की व्यवस्था की गई है, जिससे लोगों की प्यास बुझाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button