प्रशासनमध्यप्रदेश

चार साल बाद भी कुछ वार्डो में नहीं मिला नल से पानी: सिलौंडी में जल जीवन मिशन अधूरा, ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरस रहे 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

चार साल बाद भी कुछ वार्डो में नहीं मिला नल से पानी: सिलौंडी में जल जीवन मिशन अधूरा, ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरस रहे 

कल की कलम सिलौंडी – सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना का उद्देश्य हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है, लेकिन क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत सिलौंडी में यह योजना चार साल बाद भी धरातल पर पूरी तरह लागू नहीं हो सकी है। योजना के तहत करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को अब तक नल से पानी नहीं मिल पाया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत सिलौंडी में लगभग 2 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजना स्वीकृत की गई थी। योजना के तहत गांव में पानी की टंकी निर्माण, पाइपलाइन बिछाने और घर-घर नल कनेक्शन देने का प्रावधान है। लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो पानी की टंकी का निर्माण शुरू हो पाया है और न ही पूरे गांव में पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो सका है।

गर्मी का मौसम शुरू होते ही गांव में पेयजल संकट गहराने लगा है। ग्रामीणों को एक-एक घड़े पानी के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। खासकर हरिजन वार्ड स्थित भारत नगर में वंशकार समाज के लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां के निवासियों का कहना है कि सुबह से ही पानी भरने के लिए भटकना पड़ता है और कई बार दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ता है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव के चांदनी चौक क्षेत्र में सड़क की आधी खुदाई कर काम अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। जगह-जगह सड़कें खुदी होने के कारण लोगों को आवागमन में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन अभी तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। पानी की टंकी का निर्माण कार्य भी अब तक शुरू नहीं हो पाया है, जिससे योजना अधर में लटकी हुई है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही योजना का कार्य पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट और भी गंभीर रूप ले सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाकर जल्द से जल्द गांव में नियमित जलापूर्ति शुरू कराई जाए।

बताया जा रहा है कि विकासखंड क्षेत्र के अन्य गांवों में भी जल जीवन मिशन के कार्य धीमी गति से चल रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस दिशा में जल्द ही प्रभावी कदम उठाएगा, ताकि योजना का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।

Related Articles

Back to top button