राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस पर जागरूकता का संदेश: ढीमरखेड़ा महाविद्यालय में व्याख्यान, पोस्टर प्रतियोगिता और परिचर्चा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस पर जागरूकता का संदेश: ढीमरखेड़ा महाविद्यालय में व्याख्यान, पोस्टर प्रतियोगिता और परिचर्चा
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के त्रैमासिक कैलेंडर के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का मार्गदर्शन प्रभारी प्राचार्य डॉ. बृजलाल अहिरवार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया और उन्हें सजग नागरिक बनने का संदेश दिया। डॉ. राजाराम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक का सतर्क और जिम्मेदार होना आवश्यक है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा की शुरुआत हमारे घर और समाज से होती है। उन्होंने राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा को हर नागरिक का मूल कर्तव्य बताया।
इस अवसर पर डॉ. श्वेता सिंह बघेल ने पर्यावरण सुरक्षा, स्वच्छता तथा साइबर अपराध से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया। वहीं डॉ. हर्षित द्विवेदी ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा की अवधारणा को समझाते हुए विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक होने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई तथा पोस्टर प्रतियोगिता भी कराई गई। इसके साथ ही एक प्रेरक वीडियो का प्रदर्शन कर छात्रों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर डॉ. सचिन कोष्टा, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. अखिलेश द्विवेदी, युवराज तिवारी, स्मिता परसाई और जवाहरलाल चौधरी सहित महाविद्यालय के कई शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. मनीषा व्यास ने किया।



