कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में कटनी-शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेलवे पुलिया के पास सोमवार–मंगलवार की मध्यरात्रि एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है। कार चालक को अपेक्षाकृत कम चोटें आई हैं।
महाराष्ट्र से लौटे दोस्तों को लेने आया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार मानपुर निवासी एक युवक अपने तीन दोस्तों को लेने कटनी रेलवे स्टेशन आया था। उसके तीनों मित्र महाराष्ट्र से मजदूरी कर वापस लौटे थे। चारों युवक एक ही बाइक से मानपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़वारा रेलवे पुलिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार रामकिशोर सिंह, रामदास सिंह, जितेंद्र सिंह और इंद्रभान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
राजगढ़ लौट रहे थे कार सवार
बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग राजगढ़ के निवासी हैं, जो किसी काम से अंबिकापुर गए हुए थे और वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़वारा के समीप उनकी कार की बाइक से भिड़ंत हो गई। कार में एक महिला सहित पांच लोग सवार थे, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।